प्रियंका ने लोकसभा में उठाया वायनाड के आपदा पीड़ितों को राहत देने का मुद्दा

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (वार्ता) लोकसभा में केरल के वायनाड में भूस्खलन पीड़ित लोगों का मुद्दा उठा और पीडि़तों को राहत देने के लिए ऋण के रूप में दी गई मदद को माफ करने की केंद्र सरकार से मांग की गई।

कांग्रेस की प्रियंका गांधी वाड्रा ने शून्यकाल में यह मामला उठाते हुए कहा “मैं सदन को सूचित करना चाहती हूँ कि वायनाड में आई एक भयानक प्राकृतिक आपदा को एक वर्ष हो गया है। इस आपदा के कारण सैकड़ों लोगों की जान चली गयी और 17 परिवार पूरी तरह से बर्बाद हो गये। वायनाड भूस्खलन में 1600 इमारतें नष्ट हुयी हैं और सैकड़ों एकड़ ज़मीन तथा फसलें नष्ट हुयी हैं जिससे किसानों और व्यवसायों की आजीविका प्रभावित हुयी है।”

उन्होंने कहा कि इस आपदा को आये एक वर्ष हो गया है लेकिन यह दुखद स्थिति है कि केंद्र से पीड़ितों को मदद नहीं मिल रही है। केंद्र सरकार की तरफ से सहायता और पैसा नहीं मिलने के कारण इस आपदा से प्रभावित लोगों का उचित पुनर्वास नहीं हो पाया है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि एक वर्ष से वह वायनाड के लिए केंद्र से धनराशि जारी करने का अनुरोध कर रही हैं लेकिन सरकार ने जो राशि उपलब्ध कराई है वह अपर्याप्त है। इसमें अभूतपूर्व बात यह है कि पीड़ितों को यह राशि ऋण के रूप में दी गई। इस आपदा के कारण वहां के लोगों ने अपनी जान और पूरी आजीविका खो दी है और यदि उनकी मदद की जाती है तो उम्मीद की जा सकती है कि पीड़ित लोग फिर से अपना जीवन शुरु कर सकेंगे।

श्रीमती वाड्रा ने कहा “हमने अनुरोध किया था कि इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए लेकिन सरकार ने इसे एक गंभीर प्रकृति की आपदा घोषित किया है। यह घोषणा पर्याप्त नहीं है क्योंकि पीड़ित परिवारों के लोग एक वर्ष बाद भी अपने जीवन को पटरी पर लाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वायनाड के लोगों की ओर से मेरा हार्दिक अनुरोध है कि केंद्र सरकार इन ऋणों को माफ करने पर विचार करे। यह बहुत कम राशि है और इसे माफ किया जाना चाहिए।”

 

 

 

Next Post

साइबर अपराधों से निपटने के लिए सरकार कर रही है पुख्ता इंतजाम: सिंधिया

Wed Jul 30 , 2025
नयी दिल्ली, 30 जुलाई (वार्ता) संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को लोकसभा में बताया कि साइबर अपराधों से निपटने के लिए बनाये गये डिजिटल सूचना प्रौद्योगिकी प्लेटफॉर्म से बड़ी मदद मिल रही है। श्री सिंधिया ने प्रश्नकाल में एक सवाल का जवाब देते हुए बताया कि इस प्लेटफार्म से […]

You May Like