नयी दिल्ली, 14 फरवरी (वार्ता) महाशिवरात्रि से पहले शनिवार को ‘सारेगामा इंडिया’ ने अपनी आने वाली एनिमेटेड फीचर फिल्म ‘शिव सती’ की घोषणा की।
राजमा चावल के लिए मशहूर विवेक आंचलिया के निर्देशन में बनी फिल्म इस साल के आखिर में प्रदर्शित होगी। फिल्म में भगवान शिव और देवी सती की पौराणिक प्रेम कहानी दिखायी गयी है।सारेंगामा इंडिया लिमिटेड और अमेजिंग इंडियन स्टोरीज ने पौराणिक प्रेम कथा पर आधारित नई एनिमेटेड फिल्म ‘शिव सती’ का टीज़र रिलीज़ किया है। यह फिल्म भगवान शिव और माता सती की ब्रह्मांड की पहली प्रेम कहानी पर आधारित है और 2026 में देश भर के सिनेमाघरों में दिखायी जाएगी। टीज़र में फिल्म के भव्य और आधुनिक एनिमेशन विजुअल्स के जरिये इस दिव्य कथा को पेश किया गया है, जिसे दर्शकों द्वारा उत्साह के साथ देखा जा रहा है।
प्रेस बयान में आंचलिया ने प्रोजेक्ट के बारे में अपना दृष्टिकोण साझा किया, “मुझे हमेशा से प्रेम कहानियां बहुत पसंद रही हैं लेकिन जब मैंने शिव और सती की कहानी पढ़नी शुरू की तो मुझे ऐसे स्तर का प्यार मिला जैसा मैंने न तो देखा था और न ही सुना था। इसलिए दुनिया की पहली प्रेम कहानी को जिंदा करना रोमांचक और बहुत बड़ी जिम्मेदारी दोनों है। मेरा मानना है कि मौजूदा तकनीकी स्थिति और दर्शकों की शानदार चीजों की चाहत इस कहानी को बताने के लिए यह सबसे अच्छा समय है, जो सदियों से हमारी संस्कृति का एक अहम हिस्सा रही है।”
निर्माताओं ने शनिवार को फिल्म का टीज़र भी जारी किया, जिससे दर्शकों को इस महाकाव्य कथा की एनिमेटेड प्रस्तुति का एक झलक देखने को मिली।
सारेगामा में फिल्म्स एंड इवेंट्स के कार्यकारी उपाध्यक्ष सिद्धार्थ आनंद कुमार ने इस प्रोजेक्ट की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “सारेगामा में नवाचार हमेशा हमारी रचनात्मक यात्रा के केंद्र में रहा है। शिव-सती की कहानी हमारी सांस्कृतिक विरासत की सबसे गूढ कहानियों में से एक है और फिर भी यह उन प्रेम कहानियों में शामिल है, जिन्हें अब तक सबसे कम खोजा गया है। हम इसे दर्शकों के सामने एक ऐसे रूप में लाने के लिए उत्साहित हैं, जो प्रामाणिक एवं तल्लीन कर देने वाला हो।”

