सीधी: शहर में पुराने बस स्टैण्ड समीप संचालित मेसर्स शालू ट्रेडर्स प्रोपराइटर अरविंद कुमार गुप्ता की दुकान एवं गोदाम में मंगलवार दोपहर बाद जीएसटी टीम ने छापा मार कार्यवाही की । यह कार्यवाही माल एवं सेवा कर अधिनियम 2017 की धारा 67(2 )की तहत की गई ।बताया जा रहा है कि व्यवसाई के संबंध में प्राप्त शिकायतें एवं पोर्टल पर उपलब्ध डेटा एनालिसिस टीटीसी/कैश रेशियों तथा उनके द्वारा किए जा रहे कच्चे बिलों पर क्रय विक्रय को आधार मानते हुए यह कार्रवाई की गई है। मेंसर्स शालू ट्रेडर्स की दुकान में किराना गुड्स के साथ-साथ में ही पान मसाले का व्यवसाय भी किया जाता है।
व्यापारी अरविंद कुमार गुप्ता के व्यवसाय स्थल और गोदाम पर एक साथ छापा कार्रवाई की गई । टीम से मिली जानकारी अनुसार आज मंगलवार को उनके द्वारा ट्रेडिंग अकाउंट प्रस्तुत नहीं किया गया है, जिसके चलते कल बुधवार को अकाउंटेंट द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्यवाही में व्यवसाय स्थल एवं गोदाम पर स्थित स्टॉक का भौतिक सत्यापन कार्य चल रहा है,साथ ही उनके बुक्स ऑफ एकाउंट से मिलान का कार्य किया जा रहा है। कार्यवाही में जीएसटी टीम को क्या गड़बड़ी मिली और कितने की कर चोरी की गई है इसका खुलासा सम्पूर्ण कार्यवाही पूर्ण होने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल टीम ने व्यापारी की दुकान एवं गोदाम को लॉक कर दिया है।
जांच टीम में यह है शामिल
शहर के पुराने बस स्टैण्ड हनुमान मंदिर के सामने संचालित दुकान में छापा कार्रवाई करने पहुंची जीएसटी की टीम 12 सदस्यीय बताई गई । यह कार्यवाही राज्य कर अधिकारी शशि भूषण तिवारी के नेतृत्व में की जा रही है, जिसमें मृत्युंजय तिवारी राज्य कर अधिकारी, ओमकार दुबे निरीक्षक, निधि पांडे निरीक्षक, साक्षी तिवारी निरीक्षक, सत्यनारायण सिंह निरीक्षक सहित 12 सदस्य जांच दल में शामिल हैं।
इनका कहना है-
शालू ट्रेडर्स में शिकायत के आधार पर आज मंगलवार को छापा कार्रवाई की गई है। जांच कार्यवाही अभी चल रही है, अभी उनके द्वारा एकाउंट की जानकारी नहीं दी गई है, कल इसकी जानकारी मिलने बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि गड़बड़ी कहा कि गई है।
शशि भूषण तिवारी,
राज्य कर अधिकारी एवं टीम प्रभारी
