मृतक का संबल कार्ड बनवाने का प्रयास, पूर्व पार्षद पर धोखाधड़ी का आरोप

बम्हनी बंजर : नगर परिषद बम्हनी बंजर इन दिनों एक अजीबोगरीब मामले से जूझ रहा है, जहां एक मृतक व्यक्ति के नाम पर संबल कार्ड बनवाने का प्रयास किया गया। आरोप है कि यह कोशिश एक पूर्व पार्षद विनय चक्रवर्ती द्वारा की गई, जिन्होंने कथित तौर पर मृतक की पहली पत्नी को अंधेरे में रखकर दस्तावेज हासिल किए और संबल कार्ड के लिए आवेदन कर दिया। इस मामले में अब पुलिस जांच कर रही है।

जानकारी अनुसार वार्ड क्रमांक 13 टिकरी निवासी सुरेश वरकड़े का निधन 29 अक्टूबर 2024 को हो गया था। उनकी पत्नी भागीरथी ने 5 नवंबर 2024 को मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। इसी दिन मृतक की दूसरी पत्नी के पुत्र राहुल वरकड़े ने भी मृत्यु प्रमाण पत्र न देने के लिए आवेदन किया था, जिससे मामला पहले से ही उलझा हुआ था।
इसी बीच पूर्व पार्षद विनय चक्रवर्ती की इस मामले में एंट्री हुई। भागीरथी ने आरोप लगाया है कि विनय चक्रवर्ती ने उनसे एक कोरे कागज पर अंगूठा लगवाकर अन्य दस्तावेज लिए और 30 जून 2025 को मृतक की पत्नी के नाम पर संबल कार्ड बनवाने का आवेदन दे दिया।नगर परिषद के अधिकारियों ने जब प्रकरण की जांच की तो पाया गया कि संबल कार्ड का आवेदन सुरेश वरकड़े की मृत्यु के बाद दिया गया था। नियमों के विरुद्ध पाए जाने पर इस आवेदन को तत्काल निरस्त कर दिया गया।

बताया गया कि काम बिगड़ता देख पूर्व पार्षद विनय चक्रवर्ती ने अपने ही मोबाइल से सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा दी। चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक परिवार इस शिकायत से पूरी तरह बेखबर था। इस घटनाक्रम से नगर परिषद भी परेशान हो गया है, जिसके चलते प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी बम्हनी बंजर ने अध्यक्ष मीना अरविंद हरदहा और पार्षद गणों के हस्ताक्षर से थाना प्रभारी अरुण सिंह को शिकायत पत्र भेजा है।

पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।इस पूरे प्रकरण में मृतक की पत्नी भागीरथी ने शपथ पत्र देते हुए स्पष्ट किया है कि उन्होंने संबल कार्ड बनवाने के लिए कोई आवेदन नहीं दिया था, बल्कि उन्हें केवल अपने पति का मृत्यु प्रमाण पत्र चाहिए। फिलहाल यह पूरा मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर क्यों पूर्व पार्षद द्वारा मृतक परिवार को अंधेरे में रखकर नियम विरुद्ध संबल कार्ड बनवाने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस की जांच जारी है।

Next Post

एक कॉलोनी के तीन मकान में चोरी

Fri Jul 25 , 2025
रतलाम: शहर की एक कॉलोनी के तीन मकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया । चोर नगदी सामान और सोने-चांदी के जेवरात ले गए। जानकारी के अनुसार समता परिसर कॉलोनी स्थित तीन मकानों में गुरुवार- शुक्रवार की दरमियानी रात में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात […]

You May Like