इछावर। सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों द्वारा लाखों रुपए के आभूषण एवं नगदी चुराए गए थे. जानकारी के अनुसार विगत दिवस वर्मा चौक निवासी ऋषि कांत अग्रवाल अपने परिवार के साथ हैदराबाद गए हुए थे. तभी बदमाशों ने सूने मकान को अपना निशाना बनाया. चोरी की वारदात में 20-25 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण व नगदी बताए गए. बताया जाता है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश चोरी किया सामान इछावर में ही बेचते थे. इससे पूर्व भी इन चोरो ने गंजीबढ़ में राजू गुप्ता की दुकान को भी निशाना बनाया था. नगर में लगातार चोरी की बढ़ती हुई घटनाओं को देख पुलिस हरकत में आई और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की गई. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जिनमें दो इछावर निवासी व एक पागंरा का निवासी बताया जा रहा है. आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है.
