रोहतक, हरियाणा के रोहतक में जन्मे बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा आज अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके परिवार की इच्छा उन्हें डॉक्टर बनाने की थी, लेकिन उन्होंने आगे की पढ़ाई के लिए ऑस्ट्रेलिया का रुख किया। वहां अपने खर्चों को पूरा करने के लिए उन्होंने चाइनीज रेस्टोरेंट में वेटर का काम करने के साथ-साथ कार धोने और टैक्सी चलाने जैसे कठिन कार्य भी किए।
बॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री
साल 2000 में भारत लौटने के बाद उन्होंने मॉडलिंग और थिएटर में कदम रखा। साल 2001 में नसीरुद्दीन शाह के नाटक की रिहर्सल के दौरान उनकी मुलाकात निर्देशक मीरा नायर से हुई, जिनके जरिए उन्हें फिल्म ‘मानसून वेडिंग’ में एनआरआई का किरदार निभाने का शानदार मौका मिला। इसके बाद राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘डी’ ने उनके करियर को एक नया मोड़ दिया।
आलीशान और लग्जरी लाइफस्टाइल
कभी टैक्सी चलाकर गुजारा करने वाले रणदीप हुड्डा आज बेहद शानदार और लग्जरी जिंदगी जीते हैं। मुंबई में उनका खूबसूरत घर है और उनके पास मर्सिडीज, बीएमडब्ल्यू और रेंज रोवर जैसी कई महंगी गाड़ियां मौजूद हैं। अभिनय के अलावा उन्हें घुड़सवारी का भी गहरा शौक है।

