मुंबई, 05 अक्टूबर (वार्ता)लेखक-निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी की फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बाद नीम करोली बाबा और उनकी शिक्षाओं को लेकर चर्चा के बीच कैंची धाम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए श्री चतुर्वेदी ने भक्तों से यात्रा की योजना मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखकर बनाने की अपील की है।श्री चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर साझा वीडियो में कहा कि कैंची धाम में इन दिनों भारी भीड़ और लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। उन्होंने भक्तों से वहां जाने से पहले मौजूदा स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि फिल्म की वजह से भीड़ बढ़ी है या नहीं, यह अलग विषय है, लेकिन फिलहाल भक्तों को कैंची धाम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करनी चाहिए।
श्री चतुर्वेदी ने भक्तों को नीम करोली बाबा से जुड़े अन्य पवित्र स्थलों के दर्शन करने की भी सलाह दी। उन्होंने अकबरपुर स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर का उल्लेख किया, जिसे महाराज जी के जन्म से जुड़ा स्थान माना जाता है। इसके अलावा उन्होंने वृंदावन, जहां महाराज जी ने समाधि ली थी, और नीम करोली गांव का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि ये सभी स्थान आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण हैं और भक्त यहां भी महाराज जी से जुड़ाव महसूस कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि महाराज जी की उपस्थिति किसी एक स्थान तक सीमित नहीं है और सच्ची आस्था के साथ उन्हें कहीं भी महसूस किया जा सकता है। श्री चतुर्वेदी ने अपने संदेश के अंत में कहा, “इन सभी जगहों पर महाराज जी मौजूद हैं और, सच पूछिए तो आपके दिल में भी वे मौजूद हैं।”

