
भोपाल। टीटी नगर थाना इलाके में माइनिंग विभाग में कार्यरत महिला कर्मचारी को उनके घर में काम करने वाली नौकरानी के बेटे ने अपने मौसेरे भाई के साथ मिलकर ही घर में बंधक बनाकर चाकू की नोक पर लूट की वारदात कर दी. आरोपियों ने पीड़िता से घर में मौजूद डेढ़ लाख नगद अधिक राशि सहित करीब 3 लाख रूपए का सामान भी लूटा. टीटी नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया है और चोरी गए सामान नकदी को भी बरामद कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता अर्चना वर्मा (28) माता मंदिर के पास बने क्वाटर में अपने पिता के साथ रहती है. घर पर काम करने के लिए अर्चना ने एक नौकरानी को रखा है. आरोप है कि नौकरानी के लड़के ने ही अपने मौसेरे भाई के साथ युवती को बंधक बनाया और एक लाख 68 हजार रूपए नगद और दो महंगे मोबाइल फोन की लूट कर दी. अर्चना ने करीब 3 लाख रूपए की लूट का मामला थाने में दर्ज कराया है.
अर्चना वर्मा ने पुलिस को बताया कि आरोपी आशीष उर्फ गोली रायकवार उनके यहां काम करने वाली नौकरानी का बेटा है. आशीष हत्या के प्रयास के मामले में जेल भी जा चुका है. आशीष ने अपने 15 साल के मौसेरे भाई के साथ मिलकर शनिवार को देर शाम लूट की घटना को अंजाम दिया. रविवार को अर्चना ने सुबह के समय थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है. अर्चना वर्मा माइनिंग विभाग में असिस्टेंट ग्रेड-3 के पद पर कार्यरत हैं.
