
सीधी।रामपुर नैकिन पुलिस ने नशीली कफ सिरप बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर 100 शीशी सिरप जप्त करने की कार्रवाई की। थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम झांझ स्कूल के पास दो व्यक्ति मोटरसाइकिल में बैठकर नशीली कफ सिरप बेचने हेतु ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक व कार्रवाई हेतु पुलिस टीम गठित कर रवाना की गई। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने पर एक व्यक्ति अंधेरे का लाभ उठाकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया, जबकि दूसरा व्यक्ति बोरी लेकर स्कूल के पीछे भागा जिसे पुलिस द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूंछताछ में उसने अपना नाम प्रभाकर उर्फ जागो पटेल पिता अमरजीत पटेल उम्र 24 वर्ष निवासी मढा थाना रामपुर नैकिन बताया। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक की बोरी में रखी 100 शीशी आनरेक्स ब्रांड की नशीली कफ सिरप बरामद की गई।
