
सारनी। सुसाइड नोट और डायरी बने अहम सबूत, सारनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई। पैसों के लेन-देन को लेकर लगातार मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से परेशान युवक की आत्महत्या मामले में सारनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को सिरोंज से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 मई 2026 को सारनी के सुपर डी-358 क्षेत्र में रोहित विश्वकर्मा (36) की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान घटनास्थल से दो सुसाइड नोट, तीन पत्र एवं एक डायरी बरामद हुई, जिन्हें पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया।
मर्ग जांच और परिजनों-साक्षियों के बयान में सामने आया कि मृतक रोहित विश्वकर्मा को कई लोगों द्वारा पैसों के लेन-देन को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोपियों द्वारा झूठे प्रकरण में फंसाने और जान से मारने की धमकियां दिए जाने से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर रोहित ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने मामले में सोनू कश्मीरा, अमर सिंह राणा, आरिफ खान, ललित मालवीय, आदर्श वास्तव, दीपक कुशवाह, राजेश अग्रवाल, रिशभ एवं मयूब पाल उर्फ मयूर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।प्रकरण में पुलिस ने पहले लक्की उर्फ ललित मालवीय को गिरफ्तार किया था। वहीं अब आरोपी दीपक कुशवाह (28) निवासी वार्ड नंबर 17 सिरोंज जिला विदिशा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, प्रधान आरक्षक श्रीराम उईके तथा आरक्षक सुभाष मंडलोई एवं पंकज (साइबर सेल बैतूल) की सराहनीय भूमिका रही।
