इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र के कैलोद काकड़ में एक महिला घरेलू हिंसा का शिकार हुई है। शराब के नशे में धुत पति ने अपनी पत्नी के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि पत्थर मारकर उसका सिर भी फोड़ दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस के अनुसार, फरियादी सुशीला पति रुपसिंह राठौर निवासी कैलोद काकड़ ने थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई।
सुशीला ने बताया कि उसका पति रुपसिंह शराब पीने का आदी है और अक्सर घर में विवाद करता है। बीती सुबह जब सुशीला नहाकर बैठी थी, तभी रुपसिंह शराब के नशे में चूर होकर घर पहुंचा और बिना किसी कारण के उसे गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया।जब सुशीला ने गाली देने से मना किया और विरोध जताया, तो आरोपी आपा खो बैठा।
उसने पहले सुशीला के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और फिर पास ही पड़ा एक पत्थर उठाकर उसके सिर पर दे मारा। हमले के कारण सुशीला का सिर फट गया और खून निकलने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, जिन्हें देखकर आरोपी वहां से भाग निकला।लसूड़िया पुलिस ने सुशीला की रिपोर्ट पर आरोपी रुपसिंह राठौर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
