रोहित को कप्तान नहीं बनाएगी MI! कप्तानी के लिए सूर्या-तिलक के साथ इस खिलाड़ी का नाम सबसे आगे

मुंबई, आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस की कप्तानी को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हार्दिक पांड्या के संभावित ट्रेड के बीच सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और बुमराह विकल्प हो सकते हैं।

  • मुंबई इंडियंस में IPL 2027 की कप्तानी को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
  • हार्दिक पांड्या को दूसरी फ्रेंचाइजी में ट्रेड करने पर विचार जारी है।
  • सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा कप्तानी के संभावित दावेदार माने जा रहे हैं।
  • जसप्रीत बुमराह और मिचेल सैंटनर भी कप्तानी के विकल्प हो सकते हैं।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में से एक मुंबई इंडियंस को लेकर हाल ही में खबर आई थी कि वह अगले सीजन में रोहित शर्मा को फिर से कप्तानी का जिम्मा सौंप सकती है। इसी बीच NDTV की एक रिपोर्ट सामने आई है। मुंबई इंडियंस के सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि फ्रेंचाइजी रोहित को नहीं बल्कि सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा को ही अगले कप्तान के तौर पर देख रही है।

मुंबई इंडियंस के सूत्रों के मुताबिक, आईपीएल के अगले सीजन के लिए कप्तान चुनने को लेकर फ्रेंचाइजी में अभी तक कोई बातचीत नहीं हुई है। मुंबई इंडियंस हार्दिक पांड्या को दूसरी टीम के साथ ट्रेड करने की संभावना पर विचार कर रही है और इस संबंध में प्रस्तावों के लिए तैयार है। हालांकि, अभी तक हार्दिक के ट्रेड को लेकर कोई सही डील सामने नहीं आई है।

सूर्या और तिलक कप्तानी के दावेदार

मुंबई इंडियंस के सूत्रों ने साफ किया है कि अगर हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस का साथ छोड़ते हैं, तो रोहित शर्मा नहीं सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा कप्तानी की दौड़ में सबसे आगे रह सकते हैं। इस लिस्ट में ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर का नाम भी शामिल है, जो इस समय न्यूजीलैंड टीम की कप्तानी करते हैं और उनके पास इसका अच्छा अनुभव भी है।

सूर्यकुमार यादव की बात करें, तो उनकी कप्तानी में भारत ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। हालांकि, टूर्नामेंट के बाद उन्हें भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया। खराब बल्लेबाजी फॉर्म के कारण उन्हें टीम में अपनी जगह गंवानी पड़ी। इसके अलावा सूर्या को उनके खराब फॉर्म के चलते मुंबई की रणजी टीम से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। ऐसे में यह कहना काफी मुश्किल है कि MI IPL 2027 में उन्हें कप्तानी की जिम्मेदापी सौंपेगी।

तिलक वर्मा और मिचेल सैंटनर भी विकल्प

तिलक वर्मा भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए खिलाड़ियों में शामिल हैं और उन्होंने मुंबई इंडियंस की टीम में अपनी जगह मजबूत की है। वह भारतीय टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम के उप-कप्तान भी हैं। ऐसे में फ्रेंचाइजी भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर सकती है। वहीं, न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर भी कप्तानी के संभावित विकल्प हैं। वह एक उपयोगी ऑलराउंडर होने के साथ न्यूजीलैंड की व्हाइट-बॉल टीमों की कप्तानी भी करते हैं।

बुमराह पर दांव लगा सकती है मुंबई

इन नामों के बीच एक नाम जसप्रीत बुमराह का भी शामिल है। हालांकि इस बात की संभावना कम है कि फ्रेंचाइजी बुमराह को कप्तान बनाएगी। लेकिन जब पिछले सीजन में हार्दिक पांड्या ने चार मैच नहीं खेले थे, तब तीन मैचों की कप्तानी सूर्यकुमार यादव ने की थी, वहीं एक मैच की कप्तानी बुमराह ने की थी। ऐसे में वह मुंबई के लिए अच्छे कप्तान साबित हो सकते हैं।

रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई ने जीते पांच खिताब

रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं। उनकी अगुवाई में टीम ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल का खिताब जीता था। इस तरह रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस पांच बार चैंपियन बनी।

हालांकि, आईपीएल 2024 के सीजन से पहले फ्रेंचाइजी ने रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को कप्तान बना दिया था। मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को गुजरात टाइटंस से ट्रेड किया था। इस फैसले के बाद टीम को प्रशंसकों की नाराजगी का सामना भी करना पड़ा था।

हार्दिक की कप्तानी में मुंबई का प्रदर्शन

हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का पहला सीजन बेहद निराशाजनक रहा और टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही। हालांकि, आईपीएल 2025 में टीम ने वापसी करते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई। इसके बाद 2026 के सीजन में मुंबई का प्रदर्शन फिर खराब रहा।

 

Next Post

सोने की चमक फीकी, 3 दिन में ₹2,140 सस्ता; चांदी भी ₹5,100 टूटी

Wed Oct 14 , 2026
मुंबई, 14 अक्टूबर को सोने की कीमतों में लगातार तीसरे दिन गिरावट आई। तीन दिन में 24 कैरेट सोना 2,140 रुपये और दो दिन में चांदी 5,100 रुपये सस्ती हुई। तीन दिनों में 24 कैरेट सोना 2,140 और 22 कैरेट सोना 1,960 सस्ता हुआ। दिल्ली में 24 कैरेट सोने का […]

You May Like

Play sound