इंदौर: चौइथराम मंडी के सामने सीवर चैंबर में जहरीली गैस की चपेट में आकर दो नगर निगम आउटसोर्स कर्मचारियों की मौत के मामले में राजेंद्र नगर पुलिस ने करीब तीन महीने बाद प्रकरण दर्ज किया है. हादसे में करण यादव उम्र 26 साल और उसके 35 वर्षीय मित्र अजय डोडिये की जान चली गई थी.
2 मार्च को दोनों कर्मचारी डी-वॉटरिंग वाहन के साथ चौइथराम मंडी क्षेत्र में सीवरेज संबंधी कार्य कर रहे थे, इस दौरान सिवरेज चैंबर में पाइप गिर गया. उसे निकालने के लिए करण यादव चैंबर में उतरा, जहां जहरीली गैस की चपेट में आने से वह बेहोश हो गया. साथी को बचाने के लिए अजय डोडिये भी चैंबर में उतरा, लेकिन वह भी गैस की चपेट में आ गया, दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. मर्ग जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
