
सीधी। विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर आज जिला पुलिस सीधी द्वारा प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संतुलन का संदेश देते हुए पूरे जिले में एक वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। यह संपूर्ण आयोजन पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव के नेतृत्व में संपन्न हुआ। अभियान के तहत जिले के समस्त पुलिस कार्यालयों, थानों और चौकियों में फलदार एवं छायादार पौधों का बड़े पैमाने पर रोपण किया गया। मुख्य कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव ने प्रकृति संरक्षण और नागरिकों व पुलिस की जिम्मेदारियों पर अपने बहुमूल्य विचार साझा किए। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा सुरक्षा सिर्फ सीमाओं की नहीं, बल्कि हमारे पर्यावरण की भी उतनी ही जरूरी है। आज के समय में दूषित हो रहे पर्यावरण को बचाना हम सभी का परम कर्तव्य है। पुलिस बल जहां एक ओर समाज में कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, वहीं दूसरी ओर प्रकृति की सुरक्षा के प्रति भी हमारी उतनी ही जवाबदेही बनती है। एक पौधा लगाना, आने वाली पीढ़ियों को जीवनदान देने के समान है।
थानों और चौकियों में उत्साहपूर्ण भागीदारी-
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, पर्यावरण संरक्षण की यह अलख जिले के हर कोने तक पहुँची। सीधी जिले के सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने अधिकार क्षेत्र के कार्यालयों तथा थाना/चौकी परिसरों में पूरे उत्साह के साथ वृहद स्तर पर वृक्षारोपण करवाया। इस महाअभियान के अंतर्गत ऑक्सीजन देने वाले छायादार वृक्षों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के फलदार पौधे भी रोपे गए। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनके बड़े होने तक नियमित देखरेख और सिंचाई करने का संकल्प भी लिया।
