इंदौर:आज मल्हारगंज के रहवासियों ने फिर मेट्रो स्टेशन को लेकर प्रदर्शन कर चक्काजाम किया. इस बार फिर रहवासियों को एक ही मांग थी कि मेट्रो स्टेशन से उनके मकानों को नुकसान होगा.छोटा गणपति पर मेट्रो स्टेशन निर्माण को लेकर रहवासियों का विरोध किया. इस दौरान दुकानदारों और रहवासियों ने चक्का जाम कर नारेबाजी की. मेट्रो की तानाशाही नहीं चलेगी, जैसे नारे लगाए गए. इस दौरान रहवासियों को शहर की पुरानी फतेहपुरिया धर्मशाला तोड़ने का किसी ने बताया. इसको लेकर ही रहवासियों न चक्काजाम और प्रदर्शन किया.
ध्यान रहे कि छोटा गणपति पर मेट्रो अंडर ग्राउंड स्टेशन निर्माण कर रहा है. मल्हारगंज थाने के पास मेट्रो स्टेशन निर्माण की बाधा खत्म हो गई थी. मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व विधायक सत्यनारायण सत्तन और मेट्रो अधिकारियों की गोपनीय बैठक हुई थी. उक्त बैठक में छोटा गणपति मेट्रो स्टेशन को लेकर मेट्रो अधिकारियों ने सत्तन और विजयवर्गीय को बताया कि 42 मकान तोड़े बगैर मेट्रो का स्टेशन बनाया जाएगा. मेट्रो की अंडर ग्राउंड स्टेशन की गहराई 38 मीटर कर दी है, जो पहले 20 मीटर थी. मेट्रो ने स्टेशन की लंबाई कम कर दी है और साथ ही गहराई भी दो की जगह तीन मंजिल करने की सहमति दी है.
नुकसान नहीं होने की कही थी बात
मेट्रो अधिकारियों ने दोनों नेताओं को विश्वास के साथ बताया कि नेटम पद्धति से निर्माण होगा, जिसमें किसी तरह से किसी भी मकान और बिल्डिंग को नुकसान नहीं होगा. निर्माण के दौरान सेंसर लगाएं जाएंगे, जिससे मकान में नुकसान के पहले जानकारी लग जाएगी और मकान के सुरक्षा के साथ काम किया जाएगा. मेट्रो अधिकारियों की बात से सहमत होकर दोनों नेताओं ने सहमति दे दी और क्षेत्रीय रहवासियों को भरोसा दिया कि उनका नुकसान नहीं होगा और स्टेशन भी छोटा कर दिया है. इसके बाद आज फिर रहवासी विरोध प्रदर्शन करने उतर गए.
