
तेहरान, 02 मई (वार्ता) ईरान ने कहा है कि इटली के रोम में अमेरिका के साथ अप्रत्यक्ष परमाणु वार्ता का चौथा दौर मध्यस्थ ओमान के प्रस्ताव पर स्थगित कर दिया गया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एस्माईल बाघई ने गुरुवार को यह जानकारी दी। विदेश मंत्रालय के एक बयान के मुताबिक श्री बाघई ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नयी तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी। उन्होंने देश के ‘वैध और कानूनी’ हितों की रक्षा करने और ईरान के खिलाफ प्रतिबंधों तथा आर्थिक दबाव को समाप्त करने के लिए कूटनीति का उपयोग करने के ईरान के दृढ़ संकल्प की पुष्टि की।
प्रवक्ता ने जोर देकर कहा कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल सद्भावना के साथ वार्ता में प्रवेश करने के बाद से परमाणु ऊर्जा का शांतिपूर्ण तरीके से उपयोग करने और अवैध प्रतिबंधों को समाप्त करने के संबंध में अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत देश की सैद्धांतिक स्थिति के आधार पर विशिष्ट रूपरेखाओं पर चर्चा कर रहा है, जो एक न्यायसंगत, तर्कसंगत और टिकाऊ समझौते को प्राप्त करने के उद्देश्य से परिणाम-उन्मुख वार्ता के प्रति अपनी गंभीरता को प्रदर्शित करता है।”
इससे पहले दिन में, ओमानी विदेश मंत्री सैयद बद्र बिन हमद अल बुसैदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि शनिवार को होने वाली ईरान-अमेरिका वार्ता का चौथा दौर ‘लॉजिस्टिक कारणों’ से स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा, “पारस्पर तौर पर सहमत होने पर नयी तारीखों की घोषणा की जाएगी।”
गौरतलब है कि ओमान, ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत को सुविधाजनक बना रहा है ताकि दोनों देशों के बीच मतभेदों को कम करने और क्षेत्रीय स्थिरता को बढ़ावा देने में मदद मिल सके। ओमानी मध्यस्थता के साथ, ईरान-अमेरिका वार्ता का पहला और तीसरा दौर 12 अप्रैल और 26 अप्रैल को ओमानी राजधानी मस्कट में और दूसरा 19 अप्रैल को रोम में आयोजित किया गया।
