
हटा/ दमोह। जिले के मगरोन थाना क्षेत्र के ग्राम कबीरपुर में शनिवार सुबह एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पारिवारिक विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें चारों की मौत हो गई। आरोपी पति द्वारका पटेल घटना के बाद फरार हो गया है। जिसे पुलिस ने तलाश कर अभिरक्षा में लिया है। सूचना मिलते ही मगरोन थाना पुलिस के साथ ही दमोह एसपी आनंद कलादगि, एसडीओपी प्रिया सिंधी, प्रशिक्षु डीएसपी शिव प्रसाद कंगाली, थाना प्रभारी वंदना गौर, फतेहपुर चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह और बल भी घटनास्थल पहुंचा और मामले में जांच शुरू की गई है। वहीं सागर से एफएसएल की टीम भी पहुंची। इसके बाद ही अधिकारियों के द्वारा कोई आधिकारिक जानकारी देने की बात कही गई है। मृतकों की पहचान खेमा बाई (27 वर्ष), उर्मिला (7 वर्ष), उमेश (4 वर्ष) और राजा पटेल (1 वर्ष) के रूप में बताई जा रही है। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में यह सामने आया है कि परिवार में करीब छह माह पहले भी विवाद हुआ था और उस समय पत्नी द्वारा मगरोन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस अब पूर्व शिकायत सहित पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
एसपी आनंद कलादगि ने बताया सुबह 6 बजे सूचना मिली कि पति ने पत्नी तीन बच्चों की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी है। सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची। उसके बाद हम लोग भी घटनास्थल पहुंचे तो देखा कि आरोपी ने अपनी पत्नी के अलावा, 7 साल 5 साल और 1 साल के बेटे की हत्या कर दी है। आरोपी कुल्हाड़ी के साथ ही बाहर बैठा था। जिसे पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच एक साल से विवाद चल रहा था। पत्नी की तरफ से मगरोन थाना में मारपीट और गाली गलौच का मामला भी दर्ज कराया था। शुक्रवार को भी इनके बीच विवाद हुआ। जिसके बाद आरोपी के ससुर उसे समझाने के लिए गांव पहुंचे थे। रात में पत्नी और बच्चे सो गए तो सुबह करीब 4:30 बजे आरोपी ने कुल्हाड़ी से चारों की हत्या कर दी है। सागर से फॉरेंसिक की टीम आई, परीक्षण के बाद चारों शव को पोस्टमार्टम हुए। इसके बाद शनिवार शाम को इन चारों के अंतिम संस्कार किए गए। आरोपी से अभी पूछताछ जारी है।मृतका का खेमाबाई के पिता बाबूलाल पटेल ने बताया कि उनका दामाद द्वारका शराब पीकर बेटी के साथ मारपीट करता था। जिसका मामला भी हम लोगों ने दर्ज कराया था, लेकिन दामाद ने कोर्ट में राजीनामा कर लिया और अच्छे से बेटी को रखने की बात कही। तीन दिन पहले बेटी का फोन आया उसने बताया कि पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं तो हम लोग शुक्रवार को करैया गांव से कबीरपुर गांव अपनी बेटी के घर पहुंची और दामाद को समझाया कि अच्छे से रहो। विवाद मत करो इसके बाद हम लोग चले गए। शनिवार सुबह पता चला कि दामाद ने बेटी और तीन बच्चों की हत्या कर दी है रात में क्या विवाद हुआ इसका हमें अभी कुछ पता नहीं है।
