नयी दिल्ली, 19 सितंबर (वार्ता) भारत में कनाडा के उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन से यहां भाजपा मुख्यालय में मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान श्री नवीन ने उन्हें भाजपा के संगठनात्मक ढांचे, जमीनी स्तर पर उसकी मौजूदगी तथा देश भर में लोगों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने में कार्यकर्ताओं, मोर्चों और विभागों की भूमिका के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान श्री नवीन ने श्री कूटर को 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि अभियान का केंद्र जनसेवा, जनभागीदारी, विकसित भारत 2047, डिजिटल तंत्र और अंत्योदय पर है। भाजपा की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि बैठक में भारत-कनाडा संबंधों में बढ़ते सकारात्मक रुझान पर भी चर्चा हुई। उच्चायुक्त ने कुशल कार्यबल की आवाजाही, खनन एवं ऊर्जा, शिक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने दोनों देशों के बीच हाल में हुए आधिकारिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान के बारे में भी श्री नवीन को जानकारी दी, जो द्विपक्षीय संबंधों में बढ़ते सहयोग को दर्शाता है। बैठक में भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी डॉ. विजय चौथाईवाले भी मौजूद रहे।

