
नवभारत न्यूज
रीवा, 4 जनवरी, किसानों को उनकी उपज का अधिकतम मूल्य देने के लिए पंजीकृत किसानों से जिले भर में बनाये गये 95 खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन किया जा रहा है. जिले में अब तक 42335 किसानों से अब तक 2597151 क्विंटल धान की खरीद की गयी है. इस संबंध में संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी खाद्य पीके पाण्डेय ने बताया कि अब तक की गयी खरीदी के लिए किसानों को 585 करोड़ 64 लाख 31275 रूपये मंजूर किये जा चुके हैं. किसान अपनी सुविधा के अनुसार स्लॉट बुक करके खरीदी केन्द्र और खरीदी के समय का निर्धारण करके समर्थन मूल्य पर धान दे सकते हैं. खरीदी के लिए अब तक 54548 किसानों ने स्लॉट बुक कराये हैं. अब तक 19 लाख 11 हजार 822 क्विंटल धान का परिवहन करके सुरक्षित भण्डारण कर दिया गया है. अतिरिक्त वाहन लगाकर खरीदी केन्द्रों में भण्डारित धान का तेजी से उठाव किया जा रहा है. अब तक किसानों के बैंक खाते में 270 करोड़ 13 लाख 23 हजार 464 रुपए जारी किए जा चुके हैं.
