
भोपाल। मध्यप्रदेश जेल विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश चन्द गुप्ता ने गुरुवार को रतलाम सर्किल जेल का आकस्मिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा जेल की समग्र व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
गुप्ता ने मुख्य प्रवेश द्वार की सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने जेल अस्पताल एवं नशामुक्ति वार्ड का दौरा कर उपचाररत बंदियों से संवाद किया तथा चिकित्सा सुविधाओं और उपलब्ध दवाओं की जानकारी ली।
उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बंदियों की न्यायालय में पेशी की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। साथ ही इनकमिंग टेलीफोन बूथ और बंदियों से मुलाकात की सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
प्रमुख सचिव ने जेल स्कूल और पुस्तकालय का निरीक्षण करते हुए शिक्षा एवं पठन-पाठन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। पुस्तकालय में धार्मिक पुस्तकों की उपलब्धता पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
पुरुष एवं महिला वार्डों में बंदियों से संवाद करते हुए गुप्ता ने उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के अंत में उन्होंने जेल परिसर स्थित भगवान गणेश के मंदिर में पूजा-अर्चना की।
