मैहर: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से निकलकर बाणसागर बांध पार कर चुका कॉलर आईडी युक्त नर हाथी (ई 5/सी 4) मैहर जिले के अमरपाटन इलाके में लगातार आतंक का पर्याय बना हुआ है. पिछले पांच दिनों से क्षेत्र में घूम रहे इस हाथी ने सोमवार की रात चोरखरी गांव के समीप एक मवेशी गाय को अपने पैरों से कुचलकर मार डाला.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के वक्त मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी. भीड़ की वजह से हाथी असहज और बेकाबू हो गया. जिसके बाद उसने आक्रामक रुख अपनाते हुए गाय को अपना शिकार बना लिया. इससे पहले भी इस हाथी द्वारा क्षेत्र में मकानों और दीवारों को नुकसान पहुंचाने की खबरें सामने आ चुकी हैं.
ओबरा गांव की ओर बढ़ा दायरा
अमरपाटन रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी ने जानकारी दी है कि हाथी अब इटमा कोठार से करीब 3 किलोमीटर आगे बढ़कर ओबरा गांव के आसपास के क्षेत्र में पहुंच गया है. वन विभाग की टीम कॉलर आईडी के जरिए उसकी हर गतिविधि और लोकेशन पर लगातार पैनी नजर रखे हुए है.
प्रशासन की अपील: दूरी बनाए रखें
वन विभाग के कर्मचारी लगातार मैदानी इलाकों में मुस्तैद हैं और हाथी को सुरक्षित तरीके से रिहायशी इलाकों से दूर जंगलों की तरफ खदेड़ने का प्रयास कर रहे हैं. विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से अपील की है कि वह हाथी के आसपास भीड़ बिल्कुल न लगाएं, हाथी के करीब जाने या उसे खुद भगाने का प्रयास न करें. हाथी दिखने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दें.
