देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में बवाल के बाद छात्रों का माफीनामा, प्रशासन ने दिखाई सख्ती

इंदौर:आईईटी हॉस्टल में छात्रों द्वारा की गई हुड़दंग और तोड़फोड़ की घटना के बाद सभी छात्रों ने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय प्रशासन से सामूहिक रूप से माफी मांगी है. छात्रों ने एक स्वर में अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उनकी हरकत से कॉलेज प्रशासन और शहर की छवि धूमिल हुई है, जिसके लिए वे शर्मिंदा हैं. छात्रों ने प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होने देने का आश्वासन भी दिया.

वहीं, इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. कुलगुरु डॉ राकेश सिंघाई ने स्पष्ट किया कि हॉस्टल में हुई तोड़फोड़ और हुड़दंग की घटना में शामिल छात्रों की पहचान कर ली गई है. जिन छात्रों की भूमिका सामने आई है, उन्हें तत्काल हॉस्टल खाली करने के निर्देश दिए गए हैं. कुलगुरु डॉ राकेश सिंघाई ने बताया कि कुछ छात्र माफी मांगने भी पहुंचे थे, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया है।

प्रशासन ने निर्णय लिया है कि इस निंदनीय कृत्य में शामिल छात्रों पर भारी आर्थिक दंड (फाइनेंशियल पेनल्टी) लगाया जाएगा. साथ ही फिलहाल परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया गया है. विश्वविद्यालय प्रशासन सभी छात्रों की स्क्रीनिंग करेगा और घटना में शामिल पाए जाने वाले छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. कुलगुरु ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय पहले भी नशाखोरी जैसी गतिविधियों में लिप्त छात्रों पर कार्रवाई कर चुका है और भविष्य में भी अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

अपराधिक पहलू सामने आने पर भी होगी कार्रवाई
यूजीसी के नियमों का हवाला देते हुए कुलगुरु ने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार का आपराधिक पहलू सामने आता है तो उस एंगल से भी मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. हालांकि प्रथम दृष्टया यह मामला विश्वविद्यालय स्तर की अनुशासनहीनता का प्रतीत होता है. ऐसे में दोषी छात्रों पर कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Next Post

सूर्यवंशी का 'हल्ला-बोल', राजस्थान टॉप -4 में

Wed May 20 , 2026
लखनऊ के द्वारा दिए गए 221 रनों के टारगेट को वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी ने राजस्थान रॉयल्स के लिए आसान बना दिया। वैभव ने 38 गेंदों पर विस्फोटक अंदाज में 93 रन बनाए। जयपुर के सवाई मान सिंह क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच […]

You May Like