इन्दौर:नगर निगम द्वारा शहर में अग्नि दुर्घटनाओं से सुरक्षा हेतु आउटसोर्स कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नगर निगम ने पिछले दिनों 33 कर्मचारियों को फायर विभाग में नियुक्त किया है। उक्त कर्मचारियों को फायर विभाग के लक्ष्मीबाई नगर कार्यालय में प्रशिक्षण चल रहा है।अपर आयुक्त एवं अधीक्षक फायर आशीष कुमार पाठक ने बताया कि फायर बल की कमी को दूर करने के लिए नगर निगम द्वारा आउटसोर्स से 33 फायर हेल्पर एवं चालक नियुक्तकिए गए हैं।
उक्त नव-नियुक्त कर्मचारियों को दक्ष एवं प्रशिक्षित बनाने के लिए लक्ष्मीबाई नगर फायर स्टेशन पर एक माह का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।प्रशिक्षण में हेल्पर कर्मचारियों को फायर उपकरणों के संचालन एवं उपयोग की विधि, विभिन्न तरह की आग की पहचान एवं नियंत्रण तकनीक, फायर वाहनों के संचालन तथा फायर सर्विस में उपयोग होने वाले आधुनिक उपकरणों के बारे में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर शहर में फायर सर्विस को अधिक सुदृढ़, सक्षम एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से उन्नत तकनीक के फायर फाइटिंग रोबोट खरीदे गए है। फायर रोबोट से कठिन एवं जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में भी त्वरित और सुरक्षित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
