
टीकमगढ़। जिला अस्पताल के सफाई कर्मचारियों ने शनिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अस्पताल चौराहे पर धरना दे रहे हैं। हड़ताल के कारण अस्पताल की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है।
मध्य प्रदेश महा वाल्मीकि पंचायत के जिला अध्यक्ष साहिल वाल्मीकि ने बताया कि अस्पताल की सफाई व्यवस्था ठेके पर संचालित होती है। हाल ही में ठेका बदलने के बाद नए ठेकेदार ने कर्मचारियों को कलेक्टर दर से वेतन देने से इनकार कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें केवल 9 हजार रुपये प्रतिमाह देने की बात कही जा रही है। कर्मचारियों ने बताया कि वे कई वर्षों से अस्पताल में काम कर रहे हैं, लेकिन हर साल वेतन वृद्धि और ईपीएफ से जुड़ी परेशानियां बनी रहती हैं। उनका आरोप है कि वेतन कम मिलता है और समय पर भुगतान भी नहीं होता।
