नयी दिल्ली (वार्ता) खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की निशानेबाजी प्रतियोगिता के तीसरे दिन बुधवार को महाराष्ट्र के वेदांत नितिन ने 50 मीटर थ्री पोजीशंस राइफल (पुरुष युवा वर्ग) में और उत्तर प्रदेश की उर्वा चौधरी ने 10 मीटर एयर पिस्टल (महिला युवा वर्ग) में स्वर्ण पदक जीते।
आज यहां कर्णी सिंह निशानेबाजी परिसर वेदांत ने 452.5 अंकों के साथ स्वर्ण, हरियाणा के रोहित कन्यन ने 451.9 अंकों के साथ रजत और पंजाब के अमितोज सिंह ने 440.1 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
उत्तर प्रदेश की उर्वा चौधरी ने 10 मीटर एयर पिस्टल (महिला युवा वर्ग) में शानदार प्रदर्शन करते हुए 237.7 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद वेदांत ने कहा, “ मैं पिछली खेलो इंडिया प्रतियोगिता में एक बार पांचवें स्थान पर था, इसलिए इस बार थोड़ा नर्वस था, लेकिन अब जब मैंने स्वर्ण पदक जीता है, तो यह बहुत खास है। मैं 2022 से खेलो इंडिया से जुड़ा हूं और सरकार की आर्थिक सहायता से चीजें काफी आसान हो गई हैं। मैंने पहले भी भाग लिया है, लेकिन इस बार बिहार सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाएं सराहनीय हैं।”
रजत पदक विजेता रोहित कन्यन ने कहा, “अगर मैंने आखिरी शॉट सही से लगाया होता, तो मैं गोल्ड जीत सकता था। अब मैं आने वाली प्रतियोगिताओं में स्वर्ण के लिए तैयारी कर रहा हूं।”
अमितोज सिंह ने कहा, “यह मेरी पहली खेलो इंडिया प्रतियोगिता थी और भगवान की कृपा से मैंने कांस्य पदक जीता।”
महिला वर्ग में राजस्थान की विधि शर्मा ने 236.3 अंकों के साथ रजत पदक जीता, जबकि हरियाणा की कनक ने 215.6 अंकों के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद उर्वा ने कहा, “यह मेरा तीसरा खेलो इंडिया था और मैंने अपनी प्रगति देखी है। मैंने भारत के लिए पांच अंतरराष्ट्रीय पदक जीते हैं और खेलो इंडिया तथा एनसीयू के समर्थन से स्वर्ण पदक तक का सफर आसान और प्रेरणादायक रहा है।”
विधि शर्मा ने कहा, “यह मेरा पहला खेलो इंडिया था। मैं स्वर्ण पदक की उम्मीद कर रही थी, इसलिए थोड़ी निराश हूं, लेकिन रजत पदक मिलने की खुशी भी है। अब मैं हरियाणा का और अधिक प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करना चाहती हूं।”
कनक ने कहा, “यह मेरा दूसरा खेलो इंडिया अनुभव था और मैं अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हूं। यहां साई और बिहार सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाएं सराहनीय हैं।”
