
भोपाल। कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय प्रतिभा खोज कार्यक्रम गुरुवार को भी जारी रहा, जिसमें जोरदार प्रतिसाद देखने को मिला। इस दौरान 48 अभ्यर्थियों को पार्टी प्रवक्ता पद के लिए साक्षात्कार चरण में चयनित किया गया।
अगले चरण के लिए चयनित अभ्यर्थी भोपाल, सीहोर और नर्मदापुरम जिलों से आए थे, जिनमें विभिन्न पृष्ठभूमि और विचारों का समावेश रहा। चयन प्रक्रिया में उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली, जहां उम्मीदवारों ने अपने विचारों की स्पष्टता, आत्मविश्वास और जन मुद्दों की समझ का प्रभावी प्रदर्शन किया।
साक्षात्कार पैनल में राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल यादव और प्रख्यात समाजसेवी एवं वरिष्ठ साहित्यकार विजय बहादुर सिंह शामिल रहे। दोनों ने प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए इसे पार्टी की संवाद प्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।
कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, प्रतिभा खोज समन्वय समिति के सदस्य एवं विधायक आरिफ मसूद ने संभाली। उनके साथ महेंद्र जोशी और कार्यक्रम समन्वयक अपूर्व भारद्वाज ने व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया।
इस पहल का उद्देश्य पार्टी की विचारधारा से प्रेरित प्रतिभाशाली युवाओं की पहचान कर उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से जोड़ना है। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के मीडिया विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संचालित की जा रही है।
इस अभियान के माध्यम से पार्टी ऐसे सक्षम, स्पष्ट वक्ता और ज्ञानसम्पन्न व्यक्तियों का समूह तैयार करना चाहती है, जो भविष्य में मीडिया संवाद, अनुसंधान और जनसंपर्क की जिम्मेदारियां प्रभावी रूप से निभा सकें।
