
भोपाल। पिपलानी थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. युवक को सड़क पर घायल अवस्था में देखा गया था और अस्पताल में पहुंचाया गया. पिपलानी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक अभिषेक बुधवार को अपने घर से खाना खाने के बाद तीन दोस्तों के साथ बाहर घूमने निकला था. कुछ देर बाद अभिषेक के परिजनों को सूचना मिली कि वह और उसके दोस्त सड़क पर घायल अवस्था में पड़े हैं. मौके पर पहुंचकर परिजनों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी. घायल अवस्था में इलाज के दौरान अभिषेक की मौत हो गई, जबकि उसके साथियों का इलाज जारी है. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. अनुमान लगाया जा रहा है कि अज्ञात वाहन की चपेट में आऩे से युवक घायल हुए. युवकों के शरीर पर मिले चोटों के निशान भी इस ओर इशारा कर रहे हैं. घायल युवकों की हालत में सुधार होने के बाद पुलिस उनके बयान दर्ज करेगी, जिसके बाद ही सही सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.
