50 हज़ार लोग नर्मदा पानी से होंगे वंचित, भाजपा पार्षदों में वर्चस्व की लड़ाई में टंकी निर्माण स्थान तय नहीं

इंदौर: शहर में भाजपा पार्षदों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चरम पर है. यही कारण है कि आम जनता पार्षदों की लड़ाई में नर्मदा पानी से वंचित होने की कगार पर पहुंचने की स्थिति में है. खास बात यह है कि नगर निगम द्वारा शहर के अन्य इलाक¸ों में टंकी निर्माण की जगह तय कर ली गई है. वहीं पश्चिम क्षेत्र में महापौर के वर्चस्व वाले इलाके में पार्षद टंकी निर्माण का स्थान तय नहीं होने दे रहे है.

मामला इस प्रकार है कि नगर निगम शहर में अमृत 2.0 योजना के तहत विश्वकर्मा नगर बगीचे में नर्मदा पानी की टंकी निर्माण कार्य करना चाहता है. उक्त नर्मदा पानी टंकी से क्षेत्र की 50 हजार जनता को पानी की पूर्ति की जाएगी, जिसमें महावर नगर, उषा नगर, सुदामनगर, विश्वकर्मा नगर, बैंक कॉलोनी, गुमाश्ता नगर, स्कीम 71, का कुछ हिस्सा शामिल है. नगर निगम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अमृत 2.0 योजना में चालीस स्थानों पर नर्मदा जल प्रदाय के लिए नई टंकियों निर्माण हेतु स्थान चयन किया है.

इतना ही नहीं उक्त स्थानों पर निर्माण कार्य भी शुरू करने जा रहा है. वहीं दूसरी ओर नगर निगम में भाजपा पार्षद जीतू राठौर और कंचन गिदवानी के बीच टंकी निर्माण को लेकर भारी खींचतान चल रही है. पार्षद गिदवानी का घर विश्वकर्मा नगर बगीचे के सामने है और उन्होंने निगम अधिकारियों को बैंक कॉलोनी बगीचे में निर्माण का प्रस्ताव दिया. साथ ही कंचन गिदवानी ने स्पष्ट मना किया कि विश्वकर्मा नगर बगीचे में नर्मदा टंकी नहीं बनेगी. वहीं पार्षद जीतू राठौर विश्वकर्मा नगर बगीचे में ही टंकी निर्माण कर के लिए अड़ गये है. यह मामला पिछले एक महीने से दोनों पार्षदों के बीच वर्चस्व का लड़ाई में तब्दील हो चुका है.

लड़ाई का खामियाजा रहवासी भुगतेंगे
बताया जा रहा है कि निगम निगम द्वारा पार्षदों के झगड़े के चलते उक्त इलाके में पानी टंकी निर्माण नहीं करने का निर्णय कर लिया है. यदि वरिष्ठ अधिकारियों ने उक्त निर्णय ले लिया, तो क्षेत्र में 50 हजार लोग नर्मदा पानी से वंचित हो जाएंगे. पार्षदों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का खामियाजा 10 से ज्यादा कॉलोनी के रहवासियों को भुगतना पड़ेगा.

स्थान निर्धारित नहीं होने से काम रोका
इस मामले में जलकार्य प्रभारी अपर आयुक्त आशीष कुमार पाठक ने कहा कि पश्चिम क्षेत्र में नई टंकी निर्माण का स्थान निर्धारित नहीं होने से काम रोक दिया है. शहर के अन्य क्षेत्रों टंकी निर्माण स्थान निर्धारित हो चुके है, वहां काम शुरू करने जा रहे हैं.

Next Post

भाजपा द्वारा मालवा निमाड़ क्षेत्र में पिछड़ों को साधने की कोशिश

Tue Aug 18 , 2026
इंदौर: भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित हो गई. मध्य प्रदेश के मालवा निमाड़ क्षेत्र के तीन नेताओं को राष्ट्रीय टीम में स्थान दिया गया है. उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण बात यह है कि मालवा क्षेत्र से भाजपा ने पिछड़ा वर्ग को साधने की कोशिश की है. यह बात अलग है […]

You May Like