11 साल बाद खुला 17 साल के कृष्णा के अंधे कत्ल का राज, – दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे आरोपी की हो गई मौत

इंदौर:खजराना बायपास के पास 17 अप्रैल 2015 को हुई 17 वर्षीय कृष्णा की हत्या का पुलिस ने 11 साल बाद खुलासा किया है. लूट के इरादे से तीन बदमाशों उसे लिफ्ट के बहाने सुनसान स्थान पर ले गए. वहां नशा करने के बाद आरोपियों ने उसके सोने का लॉकेट, चेन, पेंडल और और नकदी लूट लिए. विरोध करने पर गले पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए बाइक समेत साक्ष्य जला दिए. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी की मौत हो चुकी है.17 अप्रैल 2015 को बायपास के पास कृष्णा का शव मिला था. मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई, लेकिन घटना के समय आरोपी अज्ञात होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी थी.

पुलिस ने मामले को लंबित गंभीर अपराधों की जांच में शामिल रखते हुए आरोपियों की तलाश जारी रखी. इसी दौरान मंगलवार 11 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कृष्णा की हत्या में अकील, आरिफ और परवेज शामिल थे.
सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की तो उन्होंने हत्या और लूट की वारदात कबूल कर ली. पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी कृष्णा की मोटरसाइकिल से लिफ्ट लेने के बहाने उसके संपर्क में आए थे. इसके बाद वे उसे खजराना बायपास के पास स्थित सुनसान मैदान में ले गए. वहां आरोपियों ने कृष्णा के साथ नशा किया और फिर उससे सोने का लॉकेट, चांदी की चेन, पेंडल और नकदी लूट ली. कृष्णा ने लूट का विरोध किया तो अकील ने उसके गले पर चाकू से वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई.
बाइक सहित अन्य साक्षों को जलाकर फरार हो गए थे आरोपी
हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए साक्ष्य मिटाने की कोशिश की. उन्होंने कृष्णा की मोटरसाइकिल सहित वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जलाया और कुछ साक्ष्य छिपा दिए थे. इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे. पुलिस ने जांच के दौरान मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई. मामले में अकील उर्फ नाइट्रा पिता इम्तियाज शेख, उम्र 30 वर्ष, निवासी दौलत बाग, पानी की टंकी के पास खजराना, हाल मुकाम रफीक नगर, गोंडी, जिला मुंबई और मो. आरिफ उर्फ नाइट्रा पिता मो. शाकिर, उम्र 30 वर्ष, निवासी गोहर नगर, नाहरशाह वली दरगाह के पीछे खजराना, हाल मुकाम अहमद नगर, आगर रोड, उज्जैन को गिरफ्तार किया है.
घटना में शामिल तीसरे आरोपी परवेज की मृत्यु हो चुकी है. आरोपियों से लूट का मशरूका चेन, लॉकेट, मोटरसाइकिल और अन्य सामग्री जब्त की गई है. दोनों आरोपी पहले से अपराधों में शामिल रहे हैं और उनके खिलाफ इंदौर व उज्जैन के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, मारपीट और अन्य अपराध दर्ज हैं. दोनों को पुलिस रिमांड पर लिया है. अब उनसे हत्या में इस्तेमाल चाकू, साक्ष्य मिटाने की पूरी प्रक्रिया, घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य और संभावित सहयोगियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है.

आरोपियों पर दर्ज हैं चोरी, लूट, हत्या के प्रयास सहित कई मामले
अकील के खिलाफ इंदौर और उज्जैन के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं. इनमें मल्हारगंज थाने में चोरी, संयोगितागंज में लूट, खजराना में चोरी के दो मामले, एरोड्रम में लूट, भैरवगढ़ उज्जैन में मारपीट, धमकी के मामले, लसूड़िया में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला, कनाड़िया में लूट, खजराना में लूट व आर्म्स एक्ट, खजराना में लूट तथा भंवरकुआं में लूट के मामले शामिल हैं. इसके अलावा एमआईजी थाने में वर्ष 2025 का मामला और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी दर्ज है. वहीं आरिफ के खिलाफ भी पूर्व में मामले दर्ज हैं. नरवर, उज्जैन में वर्ष 2015 में लूट के दो मामले तथा खजराना थाने में वर्ष 2015 में चोरी का मामला दर्ज है.

बॉक्स…
आरिफ का आपराधिक रिकॉर्ड…
डीसीपी जोन 2 अमन सिंह राठौड़ के मुताबिक, दोनों आरोपी लूट की वारदातों के अभ्यस्त हैं और उनके खिलाफ इंदौर तथा उज्जैन के अलग-अलग थानों में अपराध दर्ज हैं. डीसीपी ने बताया कि लंबे समय से लंबित गंभीर अपराधों के निराकरण के लिए लगातार काम किया जा रहा था. मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वर्ष 2015 के हत्या के मामले में आरोपियों की पहचान हुई है. आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है.

Next Post

बिरयानी के यूपीआई भुगतान से 72 घंटे में लूट का खुलासा

Thu Aug 13 , 2026
इंदौर:एमआईजी थाना क्षेत्र में 7 अगस्त की रात एबी रोड पर जोमैटो डिलीवरी बॉय से मोबाइल लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने 72 घंटे में गिरफ्तार कर लिया. गुरुद्वारे के पास डिलीवरी बॉय की मोटरसाइकिल रुकवाकर मोबाइल लूटकर आरोपी ऑटो से फरार हुए थे. पुलिस ने लूटा गया मोबाइल […]

You May Like

मनोरंजन