
इंदौर. खरगोन में रहने वाले एक युवक के गले में घुसे लोहे के सरिए को एमवाय अस्पताल के डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन कर निकालकर उसकी जान बचा ली. हादसा बेहद गंभीर था, लेकिन डॉक्टरों की तत्परता से मरीज सुरक्षित है.
डीन डॉक्टर अरविंद घनघोरिया ने बताया कि आनंद नगर, जिला खरगोन में रहने वाले 30 वर्षीय सद्दाम मिस्त्री का काम करता है. 1 अप्रैल को सुबह करीब 10:30 बजे हुए हादसे में उसके गले में लोहे का सरिया घुस गया था. प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल खरगोन से एमवाय अस्पताल इंदौर रेफर कर दिया था. एमवाय अस्पताल पहुंचते ही सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने तुरंत इमरजेंसी ऑपरेशन किया. टीम में डॉ. अविनाश गौतम, डॉ. उपेंद्र पाण्डेय, डॉ. रामेंद्र गुर्जर, सीनियर रेजिडेंट डॉ. सुब्रजीत नायक सहित अन्य डॉक्टर शामिल रहे. वहीं एनेस्थीसिया विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शालिनी जैन और उनकी टीम ने भी ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई. डॉक्टरों की संयुक्त मेहनत से सरिया सुरक्षित निकाल लिया गया और मरीज की जान बच गई. फिलहार मरीज स्वास्थ्य लाभ ले रहा है.
