विश्व ताइक्वांडो प्रतियोगिता में चयनित रिया और भवानी को मिथिलेश तिवारी ने दिए दो-दो लाख रुपये के चेक

पटना, 08 सितंबर (वार्ता) विश्व ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में चयनित गोपालगंज की दो खिलाड़ियों रिया सिंह और भवानी सिंह को बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए।

श्री तिवारी ने विकास भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में दोनों खिलाड़ियों को चेक सौंपते हुए कहा कि राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दो दिन पहले दोनों खिलाड़ियों को विदेश यात्रा एवं अन्य खर्चों के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। उन्होंने बताया कि दोनों खिलाड़ियों को सहायता उपलब्ध कराने की पहल उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष की थी। उन्होंने सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

श्री तिवारी ने रिया सिंह और भवानी सिंह को बधाई देते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के बल पर बिहार का नाम रोशन किया है। उन्होंने विश्व ताइक्वांडो प्रतियोगिता में दोनों के बेहतर प्रदर्शन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराए जाएं। सरकार प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक सहयोग देने का प्रयास कर रही है।

Next Post

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुबई में मध्यप्रदेश पवेलियन का किया उद्घाटन

Tue Sep 8 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई प्रवास के दूसरे दिन एआईएम कांग्रेस-2026 में स्थापित मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन किया और उपस्थित निवेशकों से चर्चा की।मध्यप्रदेश पवेलियन में प्रदेश की निवेश एवं व्यापार संभावनाओं, औद्योगिक अधोसंरचना, निवेश-अनुकूल नीतियों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रदर्शित किया गया है। इससे […]

You May Like