जबलपुर: संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज ने समाज को एकता और समरसता का संदेश दिया। वे केवल किसी एक समाज के नहीं बल्कि संपूर्ण मानवता के महान संत, समाज सुधारक और समरसता के प्रणेता थे। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी संत महात्माओं के मार्गदर्शन में समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास और समरसता की दिशा में आगे बढ़ रही है। पूज्य संत रविदास जी की जन्म स्थली काशी से कलश में आई पवित्र मिट्टी हमारे लिए श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है। कलश वंदन यात्रा के माध्यम से गांव- गांव एकता और समरसता का संदेश पहुंचाया जाएगा।
यह बातें लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहीं। गुरूवार को संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जबलपुर जिले में समरसता संकल्प अभियान और कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ हुआ। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने गोलबाजार स्थित शहीद स्मारक भवन के सभागार में आयोजित भव्य कार्यक्रम में इस अभियान और कलश यात्रा का संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं कलश पूजन कर शुभारंभ किया। मंत्री सिंह ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के चरणों में नमन करते हुए अभियान की सफलता की कामना की।
संक्रमण काल में समाज को नई दिशा दिखाई: वाल्मीकि
राज्यसभा सदस्य वाल्मीकि ने कहा कि संतों ने सदैव मानवता को ज्ञान और समरसता का संदेश दिया है। संत रविदास जी और गुरु नानक जी जैसे संतों ने संक्रमण काल में समाज को नई दिशा दिखाई। उन्होंने कहा कि गुरुओं द्वारा दिखाए गए मार्ग को अपनाते हुए जनसेवा और सामाजिक समरसता के लिए आगे बढऩा चाहिए।
भारत के पुनर्निर्माण और संस्कृति से जुडऩे का अवसर: आशीष-
सांसद आशीष दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आह्वान पर आयोजित यह अभियान भारत के पुनर्निर्माण और अपनी संस्कृति से जुडऩे का अवसर है। भारत की शक्ति उसकी संस्कृति और संत परंपरा में निहित है। संत रविदास जी की जन्मस्थली की माटी को जन- जन तक पहुंचाना भारतीय संस्कृति और संतों के संदेश को समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। विधायक अशोक रोहाणी एवं डॉ. अभिलाष पांडे ने भी अपने विचार रखे।
माटी हमारी संस्कृति एवं परंपरा के अस्तित्व का बोध कराती है: महाराज अखिलेश्वरानंद
स्वामी अखिलेश्वरानंद जी महाराज ने कहा कि संत रविदास जी महाराज की जन्मभूमि बनारस की पवित्र माटी सामाजिक समरसता का संदेश लेकर पूरे देश में पहुंच रही है। संत के पावन चरणों से पवित्र हुई यह माटी हमारी संस्कृति एवं परंपरा के अस्तित्व का बोध कराती है। कार्यक्रम के शुभारंभ पर भाजपा महानगर अध्यक्ष सोनकर ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में संत रविदास जी का समरसता संकल्प अभियान देश, प्रदेश और जिले में चलाया जा रहा है।
