इंदौर: इंदौर से गोंदिया और अहमदाबाद के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ा झटका लगा है. स्टार एयर ने इन दोनों रूट की सभी उड़ानें 31 जनवरी तक निरस्त कर दी हैं, जिससे पहले से टिकट बुक करा चुके यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भारत सरकार की रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम उड़ान के तहत इंदौर से महाराष्ट्र के गोंदिया और गुजरात के अहमदाबाद के लिए उड़ान शुरू करने वाली स्टार एयर ने जनवरी माह के अंत तक अपनी सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है.
कंपनी ने 31 जनवरी तक की इंदौर से संचालित होने वाली चारों उड़ानों को अपनी आधिकारिक वेबसाइट से भी हटा दिया है. इस फैसले का असर उन यात्रियों पर पड़ा है, जिन्होंने दिसंबर और जनवरी माह के लिए पहले ही टिकट बुक करा रखे थे. अचानक उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को यात्रा योजनाएं बदलनी पड़ रही हैं. हालांकि कंपनी द्वारा टिकट की राशि रिफंड की जा रही है. स्टार एयर ने 16 सितंबर से इंदौर से गोंदिया और बेंगलुरु के लिए उड़ानों की शुरुआत की थी. बाद में बेंगलुरु के स्थान पर अहमदाबाद के लिए उड़ान संचालित की गई, तय शेड्यूल के अनुसार फ्लाइट शाम 5.30 बजे अहमदाबाद से इंदौर पहुंचकर 6.10 बजे गोंदिया जाती थी.
वहीं वापसी में रात 9 बजे गोंदिया से इंदौर आकर 9.30 बजे अहमदाबाद रवाना होती थी. कंपनी शुरुआत से ही कई बार अपनी उड़ानों को निरस्त करती रही है. पिछले करीब एक साल से इन रूट्स पर उड़ानें बार बार रद्द हो रही थीं. अब कंपनी ने आधिकारिक तौर पर 31 जनवरी तक उड़ानें बंद रखने की घोषणा कर दी है. वेबसाइट पर इंदौर से गोंदिया और अहमदाबाद के लिए बुकिंग 1 फरवरी से उपलब्ध दिखाई जा रही है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि फरवरी से उड़ानों का संचालन फिर शुरू हो सकता है. उड़ानों के बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी गोंदिया जाने वाले यात्रियों को हो रही है, क्योंकि इंदौर से गोंदिया के बीच कोई अन्य सीधी फ्लाइट मौजूद नहीं है. वहीं अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों के पास अन्य विकल्प उपलब्ध हैं.
