सीहोर: शनिवार का दिन जिले के लिए सौगातों भरा रहा. प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव एवं केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जिले में 113 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण व भूमिपूजन किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्यामपुर में कॉलेज खोलने व सीहोर को नगर निगम बनाने की घोषणा की तो केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने कहा पीएम आवास के सभी आवेदन तत्काल स्वीकृत होंगे.
शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सीहोर पहुंचे. इस दौरान शासकीय पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 113 करोड़ 45 लाख रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया.मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए नर्मदा नदी का पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने सीहोर के विकास के लिए 50 करोड़ रुपए की राशि और इंदौर नाके से चार किलोमीटर रोड की स्वीकृति दी.
साथ ही श्यामपुर में नया कॉलेज खोलने और सीहोर में एक्सीलेंस कॉलेज के लिए नए भवन के निर्माण की घोषणा की. जिले के 83 नए पंचायत भवनों के लिए 31.12 करोड़ रुपए, 25 पंचायतों में सामुदायिक भवन के लिए 6.23 करोड़ रुपए और विभिन्न गांवों में स्कूल भवनों के निर्माण के लिए राशि आवंटित की गई है. इछावर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत जल प्रबंधन कार्य भी शामिल हैं.कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक रमाकांत भार्गव, सुदेश राय, गोपाल इंजीनियर, नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर उपस्थित थे.
