
मंडला. नारायणगंज के ग्राम अमदरा निवासी दो व्यक्ति हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे में दोनों व्यक्तियों को सिर में गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज पहुंचाया गया। हादसे की जानकारी घायल व्यक्तियों के परिजनों को दी गई। जिसके बाद परिजन भी सीएचसी नारायणगंज पहुंचे। हादसे की जानकारी टिकरिया पुलिस को भी दे दी गई है।
जानकारी अनुसार नारायणगंज के ग्राम अमदरा निवासी दो व्यक्ति अनिल कुर्राम पिता मानिक कुर्राम 28 वर्ष निवासी अमदरा और शिवचरण उर्वेती पिता प्यारे लाल उर्वेती 38 वर्ष निवासी अमदरा अपने खेत के लिए खाद लेने मोटरसाईकिल से नारायणगंज मुख्यालय गए हुए थे। यहां से अपनी बाईक में खाद लेकर वापस अपने ग्राम अमदरा जा रहे थे। वापस लौटते समय नारायणगंज और अमदरा के बीच ग्राम मझगांव पुलिया के पास उनकी बाईक एक पत्थर से टकरा गई और बाईक अनियंत्रित हो गई।
बताया गया कि अमदरा निवासी व्यक्तियों की बाईक अनियंत्रित हुई और दोनो बाईक सवार नीचे गिर गए और गंभीर घायल हो गए। हादसे में दोनों व्यक्तियों को सिर में गंभीर चोटे आई है, वहीं शरीर के अन्य स्थानों में भी चोटे आई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी नारायणगंज पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने दोनों गंभीर घायलों का उपचार शुरू किया। हादसे की जानकारी टिकरिया पुलिस को दी गई। मामला दर्ज कर टिकरिया पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
