नर्मदापुरम। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्य प्रदेश ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 9वीं से 12वीं तक की अर्धवार्षिक परीक्षा की समय-सारणी घोषित कर दी है। परीक्षाएं 03 नवंबर 2025 से शुरू होंगी। हाईस्कूल (कक्षा 9वीं एवं 10वीं) की परीक्षाएं 03 से 11 नवंबर तक सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा हायर सेकेंडरी (कक्षा 11वीं एवं 12वीं) की परीक्षाएं 03 से 13 नवंबर तक दोपहर 1:30 से 4:30 बजे तक आयोजित होंगी।
प्रश्नपत्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की अंक योजना व शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार अक्टूबर 2025 तक के पाठ्यक्रम पर आधारित होंगे। परीक्षा उपरांत अगले दिवस की तैयारी कक्षाएं अनिवार्य रहेंगी। परिणाम 24 नवंबर तक विमर्श पोर्टल पर अपलोड करना होगा, जबकि 20 नवंबर को अभिभावक-शिक्षक बैठक में परिणाम साझा किए जाएंगे।
उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन विषय शिक्षक कर विद्यार्थियों को त्रुटियों से अवगत कराएंगे। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पूर्व उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा। प्रायोगिक विषयों की परीक्षा प्राचार्य स्तर पर तय समय में कराई जाएगी। दिव्यांग छात्रों के लिए अतिरिक्त समय, शुल्क छूट, टाइपराइटर/कंप्यूटर की सुविधा और बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित मूल्यांकन की विशेष व्यवस्था की गई है।
3 नवंबर से शुरू होंगी कक्षा 9वीं से 12वीं की अर्धवार्षिक परीक्षाएं
