जबलपुर: हनुमानताल थाना अंतर्गत मिलौनीगंज निवासी पीडि़त को एक जालसाज ने एक्सीडेंट का नाटक रचकर उसके कॉलेज के दिनों का पुराना दोस्त बताकर जाल में फंसाया और 45,000 का चूना लगा दिया।जानकारी के अनुसार मिलौनीगंज निवासी ब्रजेश सोनकर के पास मोबाइल एक फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को ब्रजेश के सतना कॉलेज का पुराना दोस्त दीपक बताया।
बातों ही बातों में उसने झांसा दिया कि उसके एक अन्य दोस्त नाईम खान का भयानक एक्सीडेंट हो गया है और वह अस्पताल में है। शातिर ठग ने पहले ब्रजेश के मोबाइल पर 15, 000 क्रेडिट होने का एक फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजा, जिससे ब्रजेश को लगा कि पैसे दीपक ने ही भेजे हैं। इसके बाद इमोशनल ड्रामा करके आरोपी ने नाईम खान के नंबर पर पैसे भेजने के लिए कहा। दोस्त की मदद के नाम पर ब्रजेश ने पांच बार में कुल 45,000 ट्रांसफर कर दिए। पैसे भेजने के बाद जब ब्रजेश को शक हुआ, तो बैक खाते से बैलेंस चेक किया। खाता खंगालने पर पता चला कि पैसे आने के बजाय उनके खुद के खाते से 45,000 कट चुके थे।
