इंदौर: नशे से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस ने मानपुर कस्बे में स्कूली विद्यार्थियों के साथ जागरूकता रैली निकाली. रैली के दौरान बच्चों ने नशे से दूरी बनाने और परिवार व समाज को नशामुक्त रखने का संदेश दिया.नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 के तहत पुलिस महानिरीक्षक इंदौर ग्रामीण जोन अनुराग, उप पुलिस महानिरीक्षक इंदौर ग्रामीण रेंज मनोज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक इंदौर ग्रामीण राजेंद्र कुमार वर्मा के निर्देशन में कार्यक्रम आयोजित किया.
मानपुर क्षेत्र के यूनिक हायर सेकंडरी स्कूल, बालक हायर सेकंडरी स्कूल, कन्या हायर सेकंडरी स्कूल और ग्लोरियस हायर सेकंडरी स्कूल के विद्यार्थियों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजकृष्ण ने नशे से होने वाले गंभीर नुकसान की जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों से खुद नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की. एसडीओपी महू ललित सिंह सिकरवार ने भी बच्चों को नशामुक्त जीवन का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों की खरीदी बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस या हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें.
नशे से दूर रहो, नशा है खराब… जैसे नारे गूंजे
कार्यक्रम के बाद चारों स्कूलों के विद्यार्थियों ने यूनिक हायर सेकंडरी स्कूल से रैली निकाली, जो अन्नपूर्णा चौराहा, मिर्ची बाजार, इमली रोड, मानपुर नाका, सदर बाजार और अस्पताल रोड होते हुए वापस स्कूल पहुंची. इस दौरान बच्चे नशे से दूर रहो, नशा है खराब, कैसे करता घर खराब, नशे से दूरी है जरूरी जैसे नारे लगाते हुए चल रहे थे. बच्चों के नारों से मानपुर की गलियां गूंज उठीं. रैली के समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकृष्ण, एसडीओपी ललित सिंह सिकरवार, थाना प्रभारी मानपुर महेंद्र मकासरे सहित पुलिसकर्मी, स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे.
खुद के साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है नशा
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इंदौर ग्रामीण राजकृष्ण ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है. युवाओं को इससे दूर रखने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके नुकसान के बारे में बताएं
