मिनियापोलिस, 08 जनवरी (वार्ता) अमेरिका के इमिग्रेशन एंड कस्टम्स (आइस) विभाग के एक अधिकारी ने गुरुवार को मिनेसोटा राज्य के मिनियापोलिस में अधिकारियों को कार से कुचलने की कोशिश कर रही एक महिला को गोली मार दी।
होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने जहां महिला को ‘दंगाई’ करार देते हुए आरोप लगाया कि वह अपनी गाड़ी से अधिकारियों को कुचलने की कोशिश कर रही थी, वहीं मिनेसोटा के गवर्नर टिम वॉल्ज़ ने होमलैंड सिक्योरिटी को ‘झूठे प्रचार की मशीन’ करार देते हुए कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जायेगी और मृतक को इंसाफ़ दिलाया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में सोमाली निवासियों से जुड़े कथित जनकल्याण फ्रॉड के मामले में मिनियापोलिस इलाके में 2,000 फेडरल एजेंट और अधिकारियों को तैनात किया है। होमलैंड सिक्योरिटी की सचिव क्रिस्टी नोएम ने इस घटना को “घरेलू आतंकवाद का कृत्य” करार देते हुए कस्टम विभाग के अधिकारियों का बचाव किया।
सुश्री नोएम ने कहा, “हमारे आइस अधिकारी अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिये बाहर थे। मिनियापोलिस में खराब मौसम की वजह से वे बर्फ में फंस गए। वे अपनी गाड़ी को निकालने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक महिला ने उन पर और उनके आस-पास मौजूद लोगों को गाड़ी से कुचलने और टक्कर मारने की कोशिश की।”
उन्होंने कहा, “हमारे एक अधिकारी ने खुद को और अपने आस-पास के लोगों को बचाने के लिये बचाव में गोली चलायी।उसे गोली लगी और उसकी मौत हो गयी है।”
दूसरी ओर, श्री वॉल्ज़ ने एक्स पर इस बयान पर जवाब देते हुए कहा कि “मैंने वीडियो देखा है। इस झूठे प्रचार की मशीन पर विश्वास न करें।”
श्री वॉल्ज़ ने कहा कि राज्य यह सुनिश्चित करेगा कि जवाबदेही और न्याय सुनिश्चित करने के लिए पूरी, निष्पक्ष और तेज़ी से जांच हो।
इस बीच मिनियापोलिस के मेयर जेकब फ्रे ने कस्टम विभाग को शहर में ‘अराजकता और असुरक्षा’ के लिये ज़िम्मेदार ठहराते हुए कहा कि एजेंसी को शहर से बाहर चले जाना चाहिए।
