भोपाल: धार जिले के धरमपुरी से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर की धामनोद नगर में ठप पड़े विकास कार्यों और खराब नागरिक सुविधाओं को लेकर 9 अक्टूबर से भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी के बाद भाजपा संगठन ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं, इसी बीच केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को पत्र लिखकर धामनोद नगर परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी माया मंडलोई को उनके प्रशासनिक अनुभव के आधार पर यथावत पदस्थ रखने की अनुशंसा की है। विधायक की नाराजगी और सीएमओ को बनाए रखने की सिफारिश से धामनोद में विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर मामला चर्चा में आ गया है।
विधायक ठाकुर ने धामनोद में विकास कार्यों की धीमी गति और नागरिक सुविधाओं की स्थिति पर सवाल उठाते हुए 9 अक्टूबर से भूख हड़ताल की चेतावनी दी थी। इसके बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर मामले में स्पष्टीकरण मांगा है।
उधर, नगर परिषद धामनोद की ओर से विकास कार्यों को लेकर कहा गया है कि वर्तमान में नगर नियोजन, भूमि उपयोग के विनियमन, जलापूर्ति, सीवरेज निर्माण और सड़क निर्माण सहित कई कार्य प्रगतिरत हैं। परिषद के अनुसार इन कार्यों का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोकहित और नगर विकास के लिए लागू किया जा रहा है।
इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को पत्र लिखकर माया मंडलोई को नगर परिषद धामनोद में यथावत रखने की मांग की है। पत्र में मंडलोई के प्रशासनिक कार्यानुभव का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की ओर से भी उन्हें धामनोद नगर परिषद में बनाए रखने की मांग की गई है। सावित्री ठाकुर ने मंडलोई को यथावत पदस्थ रखने की अनुशंसा की है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच विधायक की ओर से उठाए गए विकास और नागरिक सुविधाओं के मुद्दे पर संगठन की ओर से मांगा गया जवाब और प्रशासनिक स्तर पर सीएमओ को बनाए रखने की सिफारिश अब महत्वपूर्ण हो गई है।
