जबलपुर: शहपुरा थाना अंतर्गत वार्ड नम्बर 14 में रहने वाली महिला को प्रताड़ित करने वाले दहेज लोभी पति, सास ससुर के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि श्रीमति रागनी बाथरे 22 वर्ष निवासी वार्ड नम्बर 14 शहपुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पति प्राईवेट काम करते हैं, उसका मायका शहपुरा में है, उसकी शादी वर्ष 2023 में हिन्दू रीति रिवाज से पिपरिया निवासी शिवा बाथरे के साथ हुई थी।
शादी के बाद से पति एवं ससुर माखन लाल बाथरे, सास कौशल्या बाथरे दहेज के लिये उसे शारीरिक एंव मानसिक रूप से प्रताडि़त करने लगे, उसकी सास ने उसके जेवर उससे ले लिये, ससुराल वालों द्वारा द्वारा लगातार प्रताडि़त करने के कारण वह अपना बच्चा लेकर मायके आ गयी थी फिर उसके माता पिता ने उसे समझाकर ससुराल भेज दिया था। उसके पति के साथ वह अलग रहने लगी थी.
लेकिन सास एवं ससुर लगातार अलग रहने के बाद भी उसके पति से कहते थे कि इसे घर से भगा दो तुम्हारी शादी करा देगें जहां अच्छा दहेज मिलेगा। रक्षाबंधन पर उसका भाई उसे मायके लेकर गया तो पति, सास एवं ससुर उसे फोन लगाकर झगड़ा करते हुये मानसिक रूप से प्रताडि़त करते रहे, उसके माता पिता ने कई बार ससुराल वालों को समझाया, ससुराल वाले बोले कि तुम्हारी लड़की एवं लडकी के बच्चे को रखने का खर्चा भिजवा सको तो लेने आयेंगे, और उसे लेने नहीं आये, वह लगभग एक वर्ष से मायके में रह रही है।
