भोपाल, 28 फरवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मध्यप्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने आज कहा कि यूनियन कार्बाइड के रासायनिक कचरे के निपटारे के मामले में राज्य सरकार अदालत के दिशानिर्देशों के तहत कार्य कर रही है, लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी इस मामले में जनता को भ्रमित कर रहे हैं।
प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी श्री अग्रवाल ने सोशल मीडिया के जरिए कहा, “दोगली मानसिकता के शिकार जीतू पटवारी शायद यह भूल गए हैं कि यह कांग्रेस का ही कचरा था! कांग्रेस के भ्रष्टाचार से ही यह कचरा पैदा हुआ और कांग्रेस की ही मनमोहन सिंह सरकार ने ही इस कचरे को नष्ट करने के लिए पीथमपुर का चयन किया गया था, जिसका समाधान भाजपा की मोहन सरकार ने कोर्ट के आदेश पर किया है। जिस कांग्रेस ने भोपाल के लोगों को इस कचरे के जरिए जहर बांटा और कई पीढ़ियों की जिंदगी बर्बाद कर दी, वो जीतू पटवारी हाईकोर्ट के फैसले पर उंगली उठाने वाले कौन होते हैं?
यूनियन कार्बाइड अपशिष्ट के निपटान के संबंध में न्यायालय के जो भी निर्देश हैं, उसका पालन भाजपा की मोहन सरकार जनहित का पूरा ध्यान रखते हुए कर रही है।”
श्री अग्रवाल ने लिखा है, “कांग्रेस और जीतू पटवारी जैसे नेताओं का षड्यंत्र है कि हाईकोर्ट के आदेश पर ‘सुरक्षित यूनियन कार्बाइड अपशिष्ट के निपटान’ पर जनता भ्रमित हो, अव्यवस्था फैले और अराजक माहौल बने, ताकि गिद्ध रूपी कांग्रेस राजनैतिक रोटियां सेंक सके, परंतु प्रदेश की सख्त और संवेदनशील मोहन सरकार आपके इस मनोमालिन्य इरादे को कभी कामयाब नहीं होने देगी पटवारी जी।”
