भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मेलबर्न में हुए 18 महत्वपूर्ण समझौते केवल दो देशों के बीच सहयोग का विस्तार नहीं हैं, बल्कि बदलती वैश्विक राजनीति में एक मजबूत और भरोसेमंद रणनीतिक साझेदारी की नई शुरुआत भी हैं. असैन्य परमाणु ऊर्जा, दुर्लभ खनिज, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, साइबर तकनीक और व्यापार जैसे क्षेत्रों में बढ़ता सहयोग इस बात का संकेत है कि दोनों लोकतांत्रिक देश अब साझा हितों और साझा चुनौतियों के समाधान के लिए दीर्घकालिक दृष्टि के साथ आगे बढ़ रहे हैं.
इन समझौतों में सबसे अधिक महत्व असैन्य परमाणु ऊर्जा सहयोग का है. ऑस्ट्रेलिया से यूरेनियम की आपूर्ति का मार्ग प्रशस्त होने से भारत की ऊर्जा सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी. तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए केवल कोयले और पारंपरिक स्रोतों पर निर्भर रहना संभव नहीं है. स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में परमाणु ऊर्जा एक भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरी है. वर्ष 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन के भारत के लक्ष्य को हासिल करने में यह सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
दुर्लभ खनिजों के क्षेत्र में सहमति भविष्य की वैश्विक अर्थव्यवस्था की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है. इलेक्ट्रिक वाहन, सेमीकंडक्टर, बैटरी, रक्षा उपकरण और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग इन खनिजों पर निर्भर हैं. अभी इनकी वैश्विक आपूर्ति कुछ देशों तक सीमित है, जिससे रणनीतिक जोखिम पैदा होते हैं. भारत और ऑस्ट्रेलिया का प्रस्तावित महत्वपूर्ण खनिज कॉरिडोर आपूर्ति श्रृंखला को सुरक्षित बनाने के साथ भारत की विनिर्माण क्षमता और आत्मनिर्भरता को भी नई गति देगा.
रक्षा सहयोग का विस्तार भी उतना ही महत्वपूर्ण है. सैन्य उपकरणों के संयुक्त विकास, जहाज निर्माण एवं रखरखाव, सेनाओं के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान और समुद्री सुरक्षा में सहयोग से हिंद-प्रशांत क्षेत्र में दोनों देशों की भूमिका और प्रभाव बढ़ेगा. ऐसे समय में जब इस क्षेत्र में सामरिक प्रतिस्पर्धा तेज हो रही है, भारत और ऑस्ट्रेलिया का निकट सहयोग क्षेत्रीय स्थिरता और नियम-आधारित व्यवस्था को मजबूत करने वाला कदम है.
साइबर सुरक्षा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी, शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में बढ़ती साझेदारी भी भविष्य की जरूरतों के अनुरूप है. व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते और निवेश संरक्षण संधि को शीघ्र अंतिम रूप देने पर सहमति से व्यापार और निवेश के नए अवसर खुलेंगे. इससे दोनों देशों के उद्योगों, स्टार्टअप और शोध संस्थानों को भी लाभ मिलेगा.
यह भी उल्लेखनीय है कि भारत की विदेश नीति अब केवल कूटनीतिक संवाद तक सीमित नहीं रह गई है. वह ऊर्जा सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, रक्षा उत्पादन, आपूर्ति श्रृंखला और आर्थिक साझेदारी जैसे क्षेत्रों में ठोस परिणाम देने वाली नीति के रूप में सामने आ रही है. ऑस्ट्रेलिया के साथ बढ़ता सहयोग इसी व्यापक रणनीति का हिस्सा है.
हालांकि किसी भी समझौते का वास्तविक मूल्य उसके प्रभावी क्रियान्वयन से तय होता है. यदि दोनों देश घोषित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करते हैं, तो यह साझेदारी केवल द्विपक्षीय संबंधों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिरता, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती और स्वच्छ ऊर्जा के भविष्य में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बढ़ता विश्वास यह प्रमाणित करता है कि समान लोकतांत्रिक मूल्य, पारस्परिक सम्मान और साझा रणनीतिक हित आज की वैश्विक व्यवस्था में सबसे मजबूत साझेदारियां गढऩे की क्षमता रखते हैं.
