जबलपुर: वर्तमान दौर में जब खेती-किसानी अनिश्चित मौसम के जोखिमों से घिरी रहती है, भारत सरकार द्वारा विकसित तीन प्रमुख मोबाइल एप्लिकेशन-मौसम, मेघदूत और दामिनी किसानों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान की संयुक्त पहल से बने ये ऐप खेती को वैज्ञानिक आधार देने के साथ-साथ किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।
उप संचालक कृषि, जबलपुर उमेश कुमार कटहरे ने बताया कि आधुनिक तकनीक का उपयोग करके किसान अपनी फसल सुरक्षा और पैदावार में वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन भी जिले के किसानों को इन ऐप्स के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वे बदलते मौसम की चुनौतियों का सामना मजबूती से कर सकें। मौसम ऐप किसानों को उनके क्षेत्र के अनुसार सटीक मौसम का पूर्वानुमान देता है। अगले 7 दिनों कामौसम अपडेट मिलने से किसान सिंचाई, खाद और कीटनाशकों के छिडक़ाव का सही निर्णय ले सकते हैं। इसमें लाइव रडार और सैटेलाइट इमेजरी की सुविधा है। यह ऐप सरकारी होने के कारण निजी ऐप्स की तुलना में कहीं अधिक विश्वसनीय है।
