गणेश आचार्य ने जारी किया ‘गणेश डस्ट टू स्टारडस्ट’ का ट्रेलर, 11 दिसंबर को होगी रिलीज

मुंबई, 11 अक्टूबर (वार्ता)मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्म निर्देशक गणेश आचार्य ने अपनी आगामी फिल्म ‘गणेश डस्ट टू स्टारडस्ट’ का ट्रेलर जारी कर दिया है। सपनों, संघर्ष और दृढ़ संकल्प पर आधारित यह फिल्म 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म में शिवांशु सोनी, आलोक शॉ, सुकन्या कलान और साक्षी पावस्कर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर में महत्वाकांक्षा, जिम्मेदारियों, त्याग और मुश्किल परिस्थितियों से जूझते हुए अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश को दर्शाया गया है।
भारतीय सिनेमा में अपने डांस सीक्वेंस के लिए पहचान बनाने वाले गणेश आचार्य इस फिल्म के जरिए नृत्य, भावनाओं और मनोरंजन को एक कहानी में पिरोने की कोशिश कर रहे हैं। फिल्म का उद्देश्य उन लोगों के संघर्ष और हौसले को सामने लाना है, जो विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का प्रयास करते हैं।
ट्रेलर के बारे में गणेश आचार्य ने कहा कि हर व्यक्ति को सपने देखने का अधिकार है, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत, त्याग और दृढ़ संकल्प की जरूरत होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म दर्शकों को अपने सपनों, संघर्षों और आकांक्षाओं से जुड़ने का अवसर देगी।
निर्माता सौंदर्या आचार्य ने कहा कि यह फिल्म उन सपनों पर विश्वास बनाए रखने की कहानी है, जो परिस्थितियों के कारण कभी-कभी असंभव लगने लगते हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म के निर्माण में जुनून, मेहनत और भावनाओं को प्रमुखता दी गई है।
वी2एस प्रोडक्शन एंड एंटरटेनमेंट की प्रस्तुति इस फिल्म का निर्माण सौंदर्या आचार्य ने किया है। फिल्म की कहानी और निर्देशन गणेश आचार्य ने संभाला है, जबकि पटकथा और संवाद दिगंगना सूर्यवंशी तथा गणेश आचार्य ने लिखे हैं। फिल्म का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर जुनैद कुमार ने तैयार किया है। गीतों के बोल समीर अंजान और गणेश आचार्य ने लिखे हैं।
फिल्म की सिनेमैटोग्राफी अजय पांडे, संपादन राकेश राम और प्रोडक्शन डिजाइन अमरीश यामानप्पा पटांगे तथा रेड अमाइस के दया वन्नियार ने किया है। फिल्म की कोरियोग्राफी गणेश आचार्य और उनकी टीम ने की है।
‘गणेश डस्ट टू स्टारडस्ट’ 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

.....

Next Post

युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

Sun Oct 11 , 2026
दमोह:सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत 30 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे आनन-फानन में दमोह जिला अस्पताल लाए, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने चेकअप और ईसीजी के बाद मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान कन्हैया आदिवासी पिता दलसिंह, निवासी धरमपुर, थाना सिटी […]

You May Like