वरुण धवन की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ अब 5 जून 2026 को रिलीज होगी। यश की ‘टॉक्सिक’ टलने के बाद डेट बदली गई। अब फिल्म की टक्कर बॉबी देओल की ‘बंदर’ से होगी।
बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में फिल्म की रिलीज डेट को लेकर बड़ा बदलाव सामने आया है, जिसके बाद वरुण ने साउथ सुपरस्टार यश का खास अंदाज में आभार जताया है। दरअसल, यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट एक बार फिर टाल दी गई है।
पहले टॉक्सिक 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी। इसी वजह से वरुण धवन की फिल्म के निर्माताओं ने अपनी रिलीज डेट को आगे बढ़ाकर 22 मई कर दिया था, ताकि बॉक्स ऑफिस क्लैश से बचा जा सके। लेकिन अब जब ‘टॉक्सिक’ की रिलीज टल गई है, तो ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को उसकी पुरानी तय तारीख पर वापस लाने का फैसला लिया गया है। अब यह फिल्म 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस बदलाव के बाद वरुण धवन ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करते हुए यश और मैडॉक फिल्म्स का धन्यवाद किया।
वरुण धवन की फिल्म
वरुण ने अपनी फिल्म के दो नए पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि उनकी फिल्म अब अपनी मूल रिलीज डेट पर ही आएगी और इसके लिए वे यश और मैडॉक फिल्म्स के आभारी हैं, जिन्होंने सही समय तय करने में मदद की। उन्होंने यह भी बताया कि आईपीएल के बाद यह पहली बड़ी रिलीज होगी, जिससे फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा फायदा मिलने की उम्मीद है।
बॉबी देओल की फिल्म
हालांकि, नई रिलीज डेट के साथ फिल्म के सामने एक नई चुनौती भी खड़ी हो गई है। 5 जून को ही बॉबी देओल की फिल्म ‘बंदर’ भी रिलीज हो रही है, जिसका निर्देशन अनुराग कश्यप ने किया है। बताया जा रहा है कि ‘बंदर’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहले ही सराहना मिल चुकी है, जिससे दर्शकों के बीच इसका क्रेज बढ़ा हुआ है।
बॉक्स ऑफिस पर मिलेगी कड़ी टक्कर
ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर अब ‘है जवानी तो इश्क होना है’ और ‘बंदर’ के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। जहां एक ओर वरुण धवन अपनी फिल्म के जरिए दर्शकों को एंटरटेन करने के लिए तैयार हैं, वहीं दूसरी ओर ‘बंदर’ की कंटेंट-ड्रिवन अप्रोच भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज डेट में बदलाव का फायदा वरुण धवन की फिल्म को कितना मिलता है।
