
जबलपुर। डीजीजीआई (डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस) की जबलपुर स्थित रीजनल यूनिट, ने जीएसटी चोरी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। यह घोटाला फर्जी इनवॉइस जारी कर और उनके माध्यम से आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) की अवैध खरीद-फरोख्त से जुड़ा हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जांच में सामने आया है कि कुल 335 करोड़ से अधिक के फर्जी बिल जारी किए गए थे। इन फर्जी बिलों के जरिए करीब 58 करोड़ से ज्यादा का इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का फर्जी लेनदेन किया गया था। डीजीजीआई जबलपुर की टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल छापेमारी की कार्रवाई की और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कई फर्मों की जांच, कई और हो सकते हैं बेनकाब-
सूत्रों के अनुसार, एजेंसी द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है और संबंधित अन्य फर्मों की भी जांच की जा रही है जो इस फर्जीवाड़े में शामिल हो सकती हैं। इस फर्जीवाड़े में कई और रडार में आ गए है जिसकी जांच पड़ताल चल रही है मामले मेें कई चेहरे बेनकाब हो सकते है।
सरकार को करोड़ों की पहुंचाई हानि-
ऐसे फर्जी आईटीसी नेटवर्क के जरिए सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व की हानि पहुंचाई जा रही थी। यह भी सामने आया है कि आरोपी ने कई फर्जी फर्मों के नाम पर इनवॉइस जारी किए थे, जिनका कोई वास्तविक व्यापारिक लेनदेन नहीं था।
