सुरुचि नारी शक्ति सम्मान: नवभारत परिसर में विशिष्ट उपलब्धियों के लिए महिलाएं पुरस्कृत

भोपाल। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को नवभारत परिसर में सुरुचि नारी शक्ति सम्मान समारोह में विविध क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर विभा पटेल ने सम्मानित किया. इस अवसर पर नवभारत परिवार की वरिष्ठतम सदस्य एवं मार्गदर्शक श्रीमती बृज प्रफुल्ल माहेश्वरी, सुरुचि की संपादक पूजा माहेश्वरी, नवभारत के प्रबंध संपादक सुमीत माहेश्वरी, समाजसेवी शुभांगी सिंह और अनेक महिलाएं भी मौजूद थीं. विभिन्न वक्ताओं ने अपने संबोधन में महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से स्वावलंबी बनाने पर जोर दिया. साथ ही कहा कि महिलाओं को शारीरिक के साथ ही मानसिक रूप से भी स्वस्थ होना चाहिए, तभी वे पारिवारिक और पेशेवर जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकती हैं. वक्ताओं में मुख्य अतिथि श्रीमती विभा पटेल के अलावा, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नेहा बग्गा, पर्वतारोही मेघा परमार, बेगम्स ऑफ भोपाल क्लब की अध्यक्ष रखशां शमीम जाहिद और समाजसेवी एवं शिक्षाविद भी शामिल रहीं. कार्यक्रम के समापन पर सुरुचि की संपादक पूजा माहेश्वरी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया. मोटीवेशनल स्पीकर एवं समाजसेवी शुभांगी सिंह, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नेहा बग्गा और पर्वतारोही मेघा परमार ने महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं को पारिवारिक के साथ ही स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, इसलिए उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ रहने पर विशेष ध्यान देना चाहिए. तभी वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकती हैं. आयोजन में मुख्य रूप से पॉड कॉस्टर अनुष्का तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता पूनम श्रोती, जनजातीय कलाकार -चित्रकार- भूरी बाई, सार्वजनिक और प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नेहा बग्गा, पर्वतारोही मेघा परमार, महिला उद्यमी आशा दावानी, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी, डाइटीशियन वर्षा श्रीवास्तव, कंटेट क्रिएटर सुमिता सिरोठिया, शिक्षाविद ऊषा खरे, चिकित्सक एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ रेणु शर्मा, बिजनेस वीमेन प्रमिला झंवर और बेगम्स ऑफ भोपाल क्लब की अध्यक्ष रखशां शमीम जाहिद को सम्मानित किया गया. सम्मानित होने वालों में मध्यप्रदेश होम्योपैथी कौंसिल की रजिस्ट्रार डॉ आयशा अली भी शामिल हैं.

हमारे देश में पुरुषों ने भी महिलाओं को आगे बढऩे के अवसर दिए: विभा

मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व महापौर विभा पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि अमरीका जैसे देश में महिलाओं को अपने अधिकार हासिल करने के लिए एक सौ वर्ष लग गए थे, लेकिन भारत जैसे देश में महिलाओं को उनके अधिकारों के लिए संघर्ष तो करना पड़ा, लेकिन यह तुलनात्मक रूप से कम था. उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने नगरीय निकाय चुनावों मेें उस समय महिलाओं को चुनाव लडऩे का मार्ग खोला. तब बोला गया था कि इतनी संख्या में महिलाएं कहां से आएंगी, लेकिन सच्चाई यह है कि महिलाओं ने चुनावों में बढ़चढ़कर भागीदारी की. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे श्री गांधी का नाम राजनीतिक कारणों से नहीं ले रही हैं, बल्कि सच्चाई पेश की है. श्रीमती पटेल ने बीसवीं सदी के सत्तर अस्सी के दशक का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय आठवीं के बाद गणित जैसा विषय चुनने वाली लड़कियां काफी कम ही थीं. अब जरूर महिलाएं पर्वतारोही बन रही हैं. स्वीमिंग कांपटीशन में पदक जीत रही हैं. मीडिया में भी आ रही हैं. लेकिन उस समय इस तरह की कल्पनाएं संभव नहीं थीं. हमारे देश में पुरुषों ने भी महिलाओं को आगे बढऩे के अवसर दिए.

सेंट्रल क्रोनिकल में सीखी थीं पत्रकारिता की बारीकियां: रखशां शमीम

बेगम्स ऑफ भोपाल क्लब की अध्यक्ष रखशां शमीम जाहिद ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने अपने कॅरियर की शुरूआत नवभारत समूह के अंग्रेजी दैनिक सेंट्रल क्रोनिकल से की थी. उन्होंने पुराने दिनों का जिक्र करते हुए कहा कि तब पत्रकारिता की बारीकियां काफी गंभीरता से उन्हें सिखायी गयी थीं. अब वे सामाजिक क्षेत्र में कार्य कर रही हैं और उनका मुख्य ध्येय महिलाओं का सामाजिक और आर्थिक उत्थान है. वे महिलाओं की शिक्षा पर भी ध्यान दे रही हैं.

 

 

Next Post

खरगे-राहुल ने टीम इंडिया को क्रिकेट का टी-20 विश्व कप जीतने पर दी बधाई

Sun Mar 8 , 2026
नयी दिल्ली, 08 मार्च (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने टीम इंडिया को क्रिकेट का टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई दी है। श्री खरगे ने अपने बधाई संदेश में कहा “टी20 विश्व कप फाइनल में न्यूजीलैंड पर शानदार जीत के लिए भारतीय […]

You May Like