नयी दिल्ली, 08 मार्च (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने टीम इंडिया को क्रिकेट का टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई दी है।
श्री खरगे ने अपने बधाई संदेश में कहा “टी20 विश्व कप फाइनल में न्यूजीलैंड पर शानदार जीत के लिए भारतीय टीम को हार्दिक बधाई। आज रात 140 करोड़ भारतीय बेहद गौरवान्वित हैं।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आत्मविश्वास और दृढ़ निश्चय के साथ नेतृत्व किया। संजू सैमसन फाइनल के संकटमोचक बनकर उभरे, वहीं ईशान, किशन गुमनाम हीरो साबित हुए।”
उन्होंने टीम इंडिया के सितारे हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, अभिषेक शर्मा और जसप्रीत बुमराह का विशेष उल्लेख करते हुए कहा “उनके शानदार योगदान ने इस ऐतिहासिक जीत को संभव बनाया। मैं पूरी टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।”
श्री गांधी ने कहा “एक बार फिर चैंपियन। हमारी भारतीय टीम के लिए यह एक शानदार जीत थी, जिसमें संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह के पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन का विशेष उल्लेख करना बनता है।”
उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई देते हुए कहा कि घर पर ट्रॉफी बरकरार रखने और देश को एक और अविस्मरणीय पल देने के लिए टीम इंडिया को हार्दिक बधाई।
