यूएई जाने वाले भारतीय पर्यटक अब बुर्ज खलीफा के ‘एट द टॉप’ अनुभव के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग UPI के जरिए कर सकेंगे। यह सुविधा नियोपे और एनआईपीएल के सहयोग से शुरू की गई है।
दुबई, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) घूमने की योजना बना रहे भारतीय पर्यटकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के प्रसिद्ध ‘एट द टॉप’ अनुभव की ऑनलाइन टिकट बुकिंग यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के जरिए भी की जा सकेगी। इसके साथ ही बुर्ज खलीफा यूएई का पहला ऐसा प्रमुख पर्यटन आकर्षण बन गया है, जिसने ई-कॉमर्स ट्रांजेक्शन के लिए UPI भुगतान सुविधा शुरू की है।
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की अंतरराष्ट्रीय शाखा एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL) ने बताया कि यह सुविधा नियोपे (NeoPay) और एमार एंटरटेनमेंट (Emaar Entertainment) के सहयोग से शुरू की गई है। अब भारतीय यात्री यूएई पहुंचने से पहले ही बुर्ज खलीफा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने पसंदीदा UPI ऐप के माध्यम से टिकट और अन्य अनुभवों की बुकिंग कर सकेंगे। इससे पहले भारतीय पर्यटक यूएई में QR कोड के जरिए ऑफलाइन UPI भुगतान कर रहे थे, लेकिन अब पहली बार ऑनलाइन टिकट बुकिंग में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस कदम से भारत और यूएई के बीच डिजिटल भुगतान व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
NeoPay और NIPL की साझेदारी
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) की अंतरराष्ट्रीय शाखा एनआईपीएल ने बताया कि यह सुविधा ‘नियोपे’ और ‘एमार एंटरटेनमेंट’ के साथ साझेदारी में शुरू की गई है। अब भारतीय पर्यटक यूएई जाने से पहले ही बुर्ज खलीफा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर यूपीआई से टिकट और दूसरे अनुभवों की बुकिंग कर सकते हैं। इसके लिए वे अपने यूपीआई वाले किसी भी पेमेंट ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। दसअसल यह नई सुविधा एनआईपीएल और नियोपे की पहले से चल रही साझेदारी का ही विस्तार है।
QR पेमेंट से आगे बढ़ा UPI
साल 2022 में यूएई में क्यूआर कोड के जरिए यूपीआई पेमेंट शुरू होने के बाद से भारतीय यात्री नियोपे के नेटवर्क से जुड़े दुकानदारों के यहां यूपीआई से भुगतान कर रहे हैं। अब इस नई सुविधा के साथ यूपीआई का इस्तेमाल ऑनलाइन बुकिंग के लिए भी किया जा सकेगा।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग हुई आसान
एनआईपीएल के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ रितेश शुक्ला ने कहा, “भारतीय यात्री विदेश यात्रा के दौरान ऐसा पेमेंट विकल्प चाहते हैं जो आसान, भरोसेमंद और उनके लिए जाना-पहचाना हो। बुर्ज खलीफा के एट द टॉप की ऑनलाइन बुकिंग में यूपीआई जोड़ने से वे यूएई पहुंचने से पहले ही अपनी पसंदीदा पेमेंट सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे।”
भारत-UAE डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा
कंपनी का कहना है कि यह पहल भारत और यूएई के बीच आसान और भरोसेमंद डिजिटल पेमेंट की बढ़ती जरूरत को पूरा करेगी और दोनों देशों के बीच डिजिटल पेमेंट सिस्टम को और मजबूत बनाएगी।
भारतीय पर्यटकों को मिलेगा फायदा
नियोपे के सीईओ विभोर मुंधड़ा ने कहा कि यह दोनों देशों के बीच डिजिटल कारोबार के लिए एक बड़ा कदम है। इसके साथ ही नियोपे, गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (जीसीसी) क्षेत्र की पहली कंपनी बन गई है जिसने ई-कॉमर्स ट्रांजैक्शन के लिए यूपीआई पेमेंट की सुविधा शुरू की है।
यात्रा से पहले घर बैठे करें बुकिंग
वहीं ‘एमार एंटरटेनमेंट’ के एक प्रवक्ता ने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग में यूपीआई जोड़ने से भारतीय पर्यटकों के लिए टिकट बुक करना पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जाएगा। उन्होंने बताया कि भारतीय पर्यटक बुर्ज खलीफा आने वाले सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय पर्यटक समूहों में से एक हैं।
